नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को पद्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया और अधिकारियों ने कहा कि देश के हर कोने से विजेता चुने गये और सम्मान प्राप्त करने वाले 50 से अधिक लोग 40 जिलों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि इन 40 जिलों में छह ऐसे हैं जिनसे पहले कभी कोई पद्म पुरस्कार विजेता नहीं चुना गया।
इनमें आंध्र प्रदेश के दो जिले अनकापल्ले और काकीनाडा, मध्य प्रदेश का उमरिया, महाराष्ट्र का रत्नागिरि, त्रिपुरा का खोवई तथा कर्नाटक का चिकबल्लापुर हैं।
अधिकारियों ने कहा कि पद्म पुरस्कारों की थीम यह है कि जिन्होंने अपना जीवन किसी क्षेत्र विशेष को समर्पित कर दिया है, उन्हें सम्मानित किया गया है।
उन्होंने कहा कि 10 पुरस्कार प्राप्तकर्ता 90 वर्ष से अधिक आयु के हैं, वहीं 14 की उम्र 80 वर्ष से अधिक है।
मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस एम कृष्णा, जानेमाने उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला तथा प्रसिद्ध गायक सुमन कल्याणपुर समेत अन्य को पद्म पुरस्कारों से विभूषित किया।
शेयर बाजार से जुड़े रहे राकेश झुनझुनवाला को मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
भाषा वैभव पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
