scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमखेलदिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन्स को आठ विकेट पर 109 रन पर रोका

दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन्स को आठ विकेट पर 109 रन पर रोका

Text Size:

नवी मुंबई, 20 मार्च (भाषा) दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज मरीजान काप की अगुवाई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार को यहां महिला प्रीमियर लीग मैच में मुंबई इंडियंस को आठ विकेट पर 109 रन पर रोक दिया।

अंक तालिका की शीर्ष दो टीमों के बीच मुकाबले के तीसरे ओवर में ही काप ने लगातार गेंदों पर यास्तिका भाटिया (एक) और नैट साइवर-ब्रंट (शून्य) को आउट कर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया। टीम इन झटको  से उबर नहीं पायी। काप ने चार ओवर में 13 रन देकर दो सफलता हासिल की।

उन्हें शिखा पांडे और जेस जॉनासेन का अच्छा साथ मिला। दोनों ने दो-दो विकेट लिये।

मुंबई के लिए पूजा वस्त्राकर ने सर्वाधिक 26 रन बनाए जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर और इस्सी वोंग ने 23-23 का योगदान दिया।

हरमनप्रीत और वस्त्राकर के बीच पांचवें विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी मुंबई के लिए सर्वाधिक रही।

काप की अंदर आती गेंद को पढ़ने में यस्तिका चूक गयी और विकेटकीपर तानिया भाटिया ने आसान कैच लपका। इसके बाद उन्होंने साइवर-ब्रंट को बोल्ड किया। अगली गेंद पर हरमनप्रीत कौर ने शानदार डिफेंस से उन्हें हैट्रिक पूरा करने से रोक दिया।

 मुंबई को जल्दी ही एक और झटका लगा। अगले ओवर में हेले मैथ्यूज (पांच) को शिखा पांडे ने चलता किया। जेमिमा रोड्रिग्स एक हाथ से शानदार कैच लपक कर टीम को जश्न मनाने का मौका दिया

चौथे ओवर में मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 10 रन था और पावर प्ले में टीम 19 रन ही बना सकी। यह पावरप्ले में  इस टीम का सबसे कम स्कोर है

सातवें ओवर में अरुंधति रेड्डी ने अमेलिया केर (आठ) को पवेलियन की राह दिखा दी।

इसके बाद क्रीज पर आयी वस्त्राकर ने छक्का और चौका लगाया। पूनम यादव के द्वारा किये गये पारी के इस 10वें ओवर से 18 रन आये।

हरमनप्रीत जहां संभलकर खेल रही थी वही वस्त्राकर ने दो और चौके जड़ दिये। उनकी यह पारी हालांकि ज्यादा लंबी नहीं चली। जॉनासेन की गेंद पर राधा ने उनका कैच लपका।

बड़ा शॉट खेलने की चक्कर में हरमनप्रीत ने शिखा की गेंद पर जेमिमा को कैच थमा दिया।

मुंबई की टीम हालांकि आखिरी पांच ओवर में 35 रन जोड़ने में सफल रही।

भाषा  आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments