मुंबई, 20 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र में विपक्षी दलों के विधायकों ने बेमौसम बारिश के कारण फसलें नष्ट होने समेत किसानों संबंधी विभिन्न मुद्दों के हल के लिए राज्य सरकार पर ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और उसके ‘‘असंतोषजनक’’ जवाब के विरोध में सोमवार को विधानसभा से बर्हिगमन किया।
सदन में विपक्ष के नेता अजित पवार ने पूर्वाह्न 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के तुरंत बाद कहा कि किसानों को राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल बारिश की वजह से खराब हो गई है और वे बहुत परेशान हैं। उन्होंने सरकार पर उनकी समस्याओं की ओर ध्यान न देने का आरोप लगाया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता पवार ने कहा, ‘‘सरकारी अधिकारियों ने क्षति आकलन रिपोर्ट या पंचनामे पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया है और राज्य सरकार इस समस्या को हल करने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही।’’
महाराष्ट्र के राजस्व एवं पशुपालन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा, ‘‘हमने अधिकारियों से एक सर्वेक्षण करने को कहा है। हम सुनिश्चित करेंगे कि क्षति आकलन रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा और अधिकारी इस पर हस्ताक्षर करेंगे। जब हमें उन किसानों का विवरण मिल जाएगा जिनकी फसलें नष्ट हुई हैं,तो हम उन्हें कुछ सहायता देंगे।’’
बहरहाल, पवार और विपक्ष के अन्य विधायकों ने सरकार के जवाब को असंतोषजनक बताते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया।
भाषा सिम्मी मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.