scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशमप्र : उज्जैन में पुलिया से गिरने के बाद पलटी बस, 25 लोग घायल

मप्र : उज्जैन में पुलिया से गिरने के बाद पलटी बस, 25 लोग घायल

Text Size:

उज्जैन, 19 मार्च (भाषा) मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में गुजरात जा रही एक बस पुलिया से गिरकर पलट गई, जिससे उसमें सवार कम से कम 25 यात्री घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हादसा शनिवार देर रात हुआ और घायलों में से दो की हालत गंभीर है।

उज्जैन के जिलाधिकारी कुमार पुरुषोत्तम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘इंदौर (मध्य प्रदेश) से राजकोट (गुजरात) जा रही बस के उज्जैन में भूखी माता बाईपास पर एक पुलिया से नीचे गिर जाने के कारण करीब 25 यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।’’

उन्होंने ने कहा कि घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस ने कहा कि ज्यादातर घायल उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा करने के बाद इस बस में बैठे थे।

महाकाल क्षेत्र के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) ओमप्रकाश मिश्रा ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस को तेज रफ़्तार से चलाया जा रहा था और इसमें लगभग 35 यात्री सवार थे।

उन्होंने कहा कि बस के पलटने के बाद उसके आगे के पहिये और इंजन वाहन से अलग हो गए।

मिश्रा के मुताबिक, बस सड़क से फिसल गई और पलटकर आठ फीट नीचे गिर गई। उन्होंने कहा कि घटना एक अंधे मोड़ पर हुई, जो दुर्घटना के प्रति बेहद संवेदनशील है।

मिश्रा ने कहा, ‘‘हमने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। उसका जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है।’’

भाषा

रावत

रावत पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments