scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशअर्थजगतअडाणी समूह ने कहा, विनोद अडाणी हैं प्रवर्तक समूह का हिस्सा

अडाणी समूह ने कहा, विनोद अडाणी हैं प्रवर्तक समूह का हिस्सा

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) अडाणी समूह ने कहा है कि उसके संस्थापक गौतम अडाणी के बड़े भाई विनोद अडाणी प्रवर्तक समूह का हिस्सा हैं। अमेरिका शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी समूह पर अपनी रिपोर्ट में उनका नाम प्रमुखता से लेने के बाद समूह ने अपनी स्थिति साफ की।

अडाणी एंटरप्राइजेज ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को बताया, ‘‘हम यह बताना चाहते हैं कि गौतम अडाणी और राजेश अडाणी, अडाणी समूह की विभिन्न सूचीबद्ध संस्थाओं के व्यक्तिगत प्रवर्तक हैं और विनोद अडाणी व्यक्तिगत प्रवर्तकों के नजदीकी रिश्तेदार हैं।’’

इसमें आगे कहा गया कि इस तरह भारतीय नियमों के अनुसार, ‘‘विनोद अडाणी, अडाणी समूह के भीतर विभिन्न सूचीबद्ध संस्थाओं के ‘प्रवर्तक समूह’ का हिस्सा हैं।’’

हिंडनबर्ग ने अडाणी समूह पर अपनी रिपोर्ट में 74 वर्षीय विनोद अडाणी की भूमिका पर सवाल उठाए थे। इसमें आरोप लगाया गया था कि उन्होंने ‘शेयर की कीमत बढ़ाने के लिए हेरफेरी और लेखा धोखाधड़ी की।’

अडाणी समूह ने जनवरी में इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि विनोद अडाणी के पास अडाणी समूह की सूचीबद्ध संस्थाओं या उनकी सहायक कंपनियों में कोई प्रबंधकीय पद नहीं है और उनके दैनिक मामलों में उनकी कोई भूमिका नहीं है।’’

शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक विनोद अडाणी साइप्रस के नागरिक हैं।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments