scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमखेलरूस ने एससीओ खेलों की मेजबानी करने का प्रस्ताव रखा, भारत भी है हिस्सा

रूस ने एससीओ खेलों की मेजबानी करने का प्रस्ताव रखा, भारत भी है हिस्सा

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) रूस ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) खेलों की मेजबानी करने की पेशकश की है, जिससे भारत मुश्किल स्थिति में पड़ सकता है।

आईओसी ने अपने सदस्य देशों पर रूस में खेलने से प्रतिबंधित कर रखा है जबकि भारत और चीन एससीओ का हिस्सा हैं। रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद आईओसी ने यह फैसला किया था।

इस समय भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए रूसी खेल मंत्री ओलेग मैटिसिन ने पहले एससीओ खेलों का आयोजन अपने देश में करने के लिए पहल की है। रूस के खेल मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

मैटिसिन ने बयान में कहा, ‘‘हम एससीओ खेलों की मेजबानी करने के लिए रूस के नाम पर विचार करने का प्रस्ताव रखते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एसोसिएशन की गतिविधियों का उद्देश्य ओलंपिक, गैर-ओलंपिक, पैरालंपिक और राष्ट्रीय खेलों के विकास में संबंधों को मजबूत करना हो सकता है। एसोसिएशन एससीओ सदस्य देशों के बीच खेल गतिविधियों को बढ़ावा देगा।’’

बयान में कहा गया है कि मैटिसिन ने रूस, भारत, कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उजबेकिस्तान के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में भाग लिया।

यदि एससीओ के सदस्य देश इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं तो इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं क्योंकि आईओसी ने पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय खेल संघों और राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों से यूक्रेन युद्ध के बाद रूस और बेलारूस में किसी भी आयोजन में भाग नहीं लेने के लिए कहा था।

भाषा पंत आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments