scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमदेशविजयन एवं सतीशन ने मप्र के विश्वविद्यालय में केरल के छात्रों पर हमले की निंदा की

विजयन एवं सतीशन ने मप्र के विश्वविद्यालय में केरल के छात्रों पर हमले की निंदा की

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 12 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने मध्य प्रदेश स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू) में राज्य के चार छात्रों पर कथित रूप से हमला किए जाने की रविवार को निंदा की।

मीडिया की कुछ खबरों में बताया गया है कि मध्य प्रदेश स्थित इस विश्वविद्यालय के अमरकंटक परिसर में 10 मार्च को सुरक्षाकर्मियों ने केरल के चार छात्रों को कथित रूप से पीटा था।

विजयन ने इन खबरों के मद्देनजर ट्वीट किया, ‘‘आईजीएनटीयू में केरल के छात्रों पर हमले की घटना भयावह है और यह हमारे देश में व्यक्तियों की पहचान के आधार पर उनके प्रति बढ़ती शत्रुता का विरोध करने की आवश्यकता को रेखांकित करती है। विश्वविद्यालय को दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और परिसर में सभी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।’’

सतीशन ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को रविवार को एक पत्र लिखा और कहा कि विश्वविद्यालय में केरल के छात्रों को लगातार निशाना बनाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और इसके दोषियों को न्याय के दायरे में लाने का अनुरोध किया, ताकि इस प्रकार की घटनाएं फिर न हों।

इसके साथ ही राज्यसभा के सदस्य और वाम नेता जॉन ब्रिटास ने भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की और इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखा है।

भाषा सिम्मी अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments