scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमखेलहमने संतोष ट्राफी को सऊदी अरब में लाने का उद्देश्य हासिल कर लिया: एआईएफएफ

हमने संतोष ट्राफी को सऊदी अरब में लाने का उद्देश्य हासिल कर लिया: एआईएफएफ

Text Size:

रियाद, चार मार्च (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने शनिवार को कहा कि उसने संतोष ट्राफी को सऊदी अरब लाने का अपना उद्देश्य हासिल कर लिया है लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि यह जरूरी नहीं है कि इस घरेलू टूर्नामेंट को अगले साल फिर यहीं आयोजित किया जायेगा।

संतोष ट्राफी के लिये राष्ट्रीय फुटबॉल चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल, तीसरे स्थान का मैच और फाइनल टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार सऊदी अरब में खेला जा रहा है।

सऊदी अरब फुटबॉल महासंघ द्वारा किंग फहद अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में टूर्नामेंट के अंतिम मैचों की मेजबानी की जा रही है।

एआईएफएफ के महासचिव शाजी प्रभाकरण ने कहा, ‘‘हम संतोष ट्राफी को हमारी प्रतिष्ठित और प्रमुख प्रतियोगिताओं में से एक के तौर पर प्रस्तुत करना चाहते थे। हमारा उद्देश्य उस स्तर को उठाना था। कुल मिलाकर एआईएफएफ की ओर से हमने संतोष ट्राफी को विदेश में लाने का उद्देश्य हासिल कर लिया है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘किसने उम्मीद की थी कि मेघालय और कर्नाटक फाइनल खेलेंगे। यह अच्छा है क्योंकि इतने साल (54) के बाद कोई नया चैम्पियन निकलेगा। ’’

प्रभाकरण ने कहा, ‘‘अब हम पर इसी तरह की उम्मीदों को उठाने का दबाव होगा। अब इस स्तर को बरकरार रखना हमारे ऊपर है। एक तरह से यह हमारे लिये अच्छा ही है। ’’

अगले सत्र में भी टूर्नामेंट सऊदी अरब में कराया जायेगा तो इस पर उन्होंने कहा, ‘‘सऊदी अरब फुटबॉल महासंघ से हमारा गठजोड़ सिर्फ संतोष ट्राफी तक ही सीमित नहीं है, हमने जिस समझौते पत्र पर हस्ताक्षर किये, उसमें फुटबॉल के कई पहलू शामिल थे जिसमें से संतोष ट्राफी को यहां कराना एक था। ’’

भाष नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments