नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से बृहस्पतिवार अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:
दि35 जी-20 मोदी दूसरी लीड आम सहमति
प्रधानमंत्री मोदी ने जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में आम सहमति बनाने का आह्वान किया
नयी दिल्ली, यूक्रेन संघर्ष को लेकर ‘खंडित पूर्व-पश्चिम संबंधों’ के साये में हो रही जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को वैश्विक चुनौतियों पर आम सहमति बनाने और भू-राजनीतिक तनाव पर मतभेदों के कारण इस समूह में समग्र सहयोग को प्रभावित नहीं होने देने का आह्वान किया।
दि47 जी20 भारत जयशंकर
जी20 दुनिया को दिशा प्रदान करे : विदेश मंत्री जयशंकर
नयी दिल्ली, भारत ने बृहस्पतिवार को जी20 समूह से आग्रह किया कि वह यूक्रेन संघर्ष को लेकर पश्चिमी देशों और रूस-चीन गठजोड़ के बीच बढ़ते तनाव के दौरान वैश्विक चुनौतियों से निपटने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए एक सामूहिक संदेश दे।
अर्थ17 न्यायालय अडाणी लीड हिंडनबर्ग
अडाणी-हिंडबनर्ग मामला: उच्चतम न्यायालय ने शेयर कीमतों में गिरावट की जांच के लिए समिति बनाई
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने शेयर बाजार के विभिन्न नियामकीय पहलुओं के साथ अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट की जांच के लिए बृहस्पतिवार को शीर्ष अदालत के पूर्व न्यायाधीश ए एम सप्रे की अगुवाई में एक समिति के गठन का आदेश दिया। समिति को अपनी रिपोर्ट दो माह के अंदर सीलबंद लिफाफे में देनी होगी।
दि34 न्यायालय निर्वाचन लीड आयोग
प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, सीजेआई की सलाह पर राष्ट्रपति करेंगे सीईसी, ईसी की नियुक्ति
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय की संविधान पीठ ने बृहस्पतिवार को फैसला दिया कि मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा एक समिति की सलाह पर की जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश शामिल होंगे।
प्रादे43 त्रिपुरा भाजपा टिपरा मोठा
हम ‘ग्रेटर टिपरालैंड’ के अलावा टिपरा मोठा की सभी मांगें मानने को तैयार: भाजपा
अगरतला, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की त्रिपुरा इकाई के प्रमुख सुब्रत चक्रवर्ती बृहस्पतिवार को कहा कि अगर पूर्व शाही वंशज प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा नीत टिपरा मोठा पार्टी अपना समर्थन देती है तो वह ‘ग्रेटर टिपरालैंड’ के अलावा उसकी सभी मांगें मानने को तैयार हैं।
दि33 एनएचआरसी सम्मेलन रीजीजू
अगर महिलाएं और बच्चे सुरक्षित नहीं तो देश अपनी उपलब्धियों का जश्न नहीं मना सकता : रीजीजू
नयी दिल्ली, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोई समाज या देश उस स्थिति में अपनी उपलब्धियों का जश्न नहीं मना सकता, जब उसकी महिलाएं और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं।
दि31 जेएनयू नए नियम
जेएनयू में हिंसा करने और धरना देने पर लगेगा 50 हजार रुपये का जुर्माना
नयी दिल्ली, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के नए नियमों के अनुसार परिसर में धरना देने पर छात्रों पर 20 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है और उनका दाखिला रद्द हो सकता है। वहीं हिंसा करने पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है।
प्रादे35 उप्र गौरी मुकदमा
उप्र : अभिनेता शाहरुख खान की पत्नी गौरी समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा
लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बालीवुड अभिनेता शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान और तुलसियानी समूह के मुख्य प्रबंध निदेशक समेत दो अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
प्रादे26 कश्मीर लीड लट्राम कुर्क
जम्मू-कश्मीर : पुलिस ने श्रीनगर में भगोड़े आतंकी मुश्ताक लट्राम के मकान को कुर्क किया
श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बृहस्पतिवार को भगोड़े आतंकवादी मुश्ताक अहमद जरगर उर्फ लट्राम के श्रीनगर के नौहट्टा इलाके में स्थित मकान को कुर्क कर लिया। लट्राम को 1999 में अफगानिस्तान के कंधार में अपहृत इंडियन एयरलाइंस के विमान के बंधक बनाए गए यात्रियों के बदले में दो अन्य आतंकवादियों के साथ रिहा किया गया था।
वि2 अमेरिका गार्सेटी
भारत में अमेरिकी राजदूत के तौर पर काम करने के योग्य हैं गार्सेटी: व्हाइट हाउस
वाशिंगटन, व्हाइट हाउस ने बुधवार को एरिक गार्सेटी का समर्थन करते हुए कहा कि वह भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में काम करने के योग्य हैं। इस बीच संसदीय समिति में शामिल रिपब्लिकन पार्टी के एक सांसद ने गार्सेटी के नामांकन पर रोक लगा दी, जिसके चलते इस मामले पर समिति में मतदान आठ मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
वि3 अमेरिका पाकिस्तान हेली
पाकिस्तान में एक दर्जन आतंकी संगठन मौजूद, उसे अमेरिका से कोई मदद नहीं मिलनी चाहिए: हेली
वाशिंगटन, अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल भारतीय-अमेरिकी निक्की हेली ने कहा है कि पाकिस्तान में कम से कम एक दर्जन आतंकवादी संगठन मौजूद हैं और इस देश को अमेरिका से मदद नहीं मिलनी चाहिए।
अर्थ14 सेबी अरशद वारसी
सेबी ने अभिनेता अरशद वारसी, अन्य के प्रतिभूति बाजार में कारोबार पर रोक लगाई
नयी दिल्ली, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने बृहस्पतिवार को अभिनेता अरशद वारसी, उनकी पत्नी मारिया गोरेटी और साधना ब्रॉडकास्ट के प्रवर्तकों सहित 31 इकाइयों को प्रतिभूति बाजार में कारोबार से प्रतिबंधित कर दिया है। नियामक ने यह कदम यूट्यूब चैनल पर निवेशकों को कंपनी के शेयर खरीदने का सुझाव देने वाले भ्रामक वीडियो डालने के मामले में उठाया है।
खेल5 खेल भारत लीड लंच
उमेश और अश्विन ने भारत को वापसी दिलाई, ऑस्ट्रेलिया को 197 रन पर समेटा
इंदौर, तेज गेंदबाज उमेश यादव और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बृहस्पतिवार को यहां तीसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन भारत की वापसी की उम्मीद जगाते हुए ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 197 रन पर समेट दिया।
भाषा
जोहेब मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.