scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशत्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा को बढ़त, जश्न का माहौल

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा को बढ़त, जश्न का माहौल

Text Size:

अगरतला, दो मार्च (भाषा) त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों का जश्न शुरू हो गया है क्योंकि पार्टी के उम्मीदवार 60 सदस्यीय विधानसभा की आधी से अधिक सीटों पर विपक्षी वाम-कांग्रेस और टिपरा मोठा से आगे हैं।

अगरतला के कर्नल चौमुहानी इलाके में स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय में ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगे और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी, पटाखे फोड़े और होली के त्योहार से पहले ही होली खेली।

पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया। चुनाव में भाजपा एक और कार्यकाल के लिए जीत की ओर अग्रसर दिख रही है।

भाजपा 28 सीटों पर आगे है और उसने पांच सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि उसकी सहयोगी इंडिजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) ने एक सीट पर जीत दर्ज की है।

प्रतीत होता है कि टिपरा मोठा आईपीएफटी के जनजातीय समर्थन को अपने पाले में करने में कामयाब रही है। पार्टी 10 सीटों पर आगे है और दो सीटों पर उसने जीत हासिल की है। विपक्षी दल वाम-कांग्रेस गठबंधन 14 सीटों पर आगे है।

मेलार मठ में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का राज्य कार्यालय और राज्य कांग्रेस मुख्यालय दिन चढ़ने के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं के जाने के बाद खाली होने लगे। ये कार्यकर्ता सुबह कार्यालय आए थे और अब घर लौट रहे हैं।

राज्य की राजधानी अगरतला में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। स्कूल और कॉलेज, बाजार बंद हैं और सड़कों पर वाहन नदारद हैं। सरकारी कार्यालय भी सुनसान हैं।

किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मी कड़ी निगरानी बरत रहे हैं।

भाषा

सुरभि मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments