आइजोल, एक मार्च (भाषा) मिजोरम के मुख्य विपक्षी दल जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ज़ेडपीएम) ने राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति से खेल मंत्री रॉबर्ट रोमविया रोयते को कथित रूप से ‘लाभ के पद’ के लिए बर्खास्त करने का आग्रह किया है।
ज़ेडपीएम ने आरोप लगाया है कि रोयते एक परामर्श कंपनी के मालिक हैं जिसने राज्य सरकार से कई अनुबंध हासिल किए हैं और यह जनप्रतिनिधित्व कानून का उल्लंघन है।
पार्टी के महासचिव एसएलएन सैलो ने कहा कि मंगलवार को राज्यपाल को एक पत्र सौंपकर रोयते को अयोग्य करार दिए जाने की मांग की गई है। उनके पास पर्यटन, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग का ज़िम्मा है।
राज्यपाल को दिए गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि रोयते ‘नॉर्थ ईस्ट कंसल्टेंसी सर्विसेज़’ (एनईसीएस) के मालिक हैं और इसका संचालन करते हैं एवं 2018 में राज्य विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद भी उन्होंने नियमित रूप से माल एवं सेवा कर अदा किया है।
रोयते ने मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
भाषा नोमान पवनेश
पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.