हैदराबाद/अमरावती/तिरुवनंतपुरम, एक मार्च (भाषा) तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और केरल के मुख्यमंत्रियों ने तमिलनाडु के अपने समकक्ष एम.के. स्टालिन को बुधवार को उनके 70वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के दफ्तर की ओर से जारी एक संक्षिप्त बयान के मुताबिक, राव ने स्टालिन के सुखी और लंबे स्वस्थ जीवन की कामना की।
वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने ट्विटर पर स्टालिन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। रेड्डी ने कहा, “ मेरी ओर से तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री श्री एमके स्टालिन गारू को 70वें जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और सफलता की कामना करता हूं।”
केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने भी ट्विटर पर द्रमुक प्रमुख स्टालिन को जन्मदिन की मुबारकबाद दी और कहा कि संघवाद, धर्मनिरपेक्षता और ‘हमारी मातृ भाषाओं’ के बचाव में खड़े होकर स्टालिन ने पूरे देश के लोगों के दिलों को जीत लिया है।
उन्होंने कहा, “ कॉमरेड स्टालिन को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। केरल-तमिलनाडु के संबंध को मज़बूत करने में आपके प्रयास काफी सराहनीय हैं।”
भाषा नोमान मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.