पार्ल (दक्षिण अफ्रीका) 11 फरवरी (भाषा) इंग्लैंड ने शनिवार को यहां वेस्टइंडीज को 33 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हराकर महिला टी20 विश्वकप में अपने अभियान का शानदार आगाज किया।
इंग्लैंड के सामने 136 रन का लक्ष्य था। उसने सलामी बल्लेबाज सोफिया डंकले की 18 गेंदों पर 34 रन की पारी तथा नैट साइवर ब्रंट (30 गेंदों पर नाबाद 40, छह चौके, एक छक्का) और कप्तान हीथर नाइट (22 गेंदों पर नाबाद 32, चार चौके, एक छक्का) के बीच चौथे विकेट के लिए 67 रन की अटूट साझेदारी के दम पर 14.3 ओवर में तीन विकेट पर 138 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।
इससे पहले वेस्टइंडीज ने ग्रुप बी के इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 135 रन बनाए थे। उसके चार बल्लेबाज ही दोहरे अंक में पहुंचे जिनमें कप्तान हेली मैथ्यूज ने 42 और शेमाइन कैंपबेल ने 34 रन का योगदान दिया।
इंग्लैंड की बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने 23 रन देकर चार विकेट लिये।
भाषा पंत नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
