scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमखेलमुंबई सिटी ने एफसी गोवा को हराकर लीग शील्ड जीती

मुंबई सिटी ने एफसी गोवा को हराकर लीग शील्ड जीती

Text Size:

फातोर्दा, 11 फरवरी (भाषा) स्कॉटलैंड के मिडफील्डर ग्रेग स्टीवर्ट के दो गोल की मदद से मुंबई सिटी एफसी ने शनिवार को यहां शुरू में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके एफसी गोवा को 5-3 से पराजित करके इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल प्रतियोगिता में लीग शील्ड अपने नाम की।

मुंबई सिटी की तरफ से स्टीवर्ट (18वें व 44वें) ने दो जबकि अर्जेंटीनी स्ट्राइकर जॉर्ज परेरा डियाज (40वें), लल्लिंजुआला छांगटे (71वें) और विक्रम प्रताप सिंह (77वें मिनट में) ने एक एक गोल किया।

नोआह सदौइ ने पांचवें मिनट में ही गोल करके एफसी गोवा को बढ़त दिला दी थी लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाया। उसकी तरफ से अन्य गोल ब्रैंडन फर्नाडिस (42वें) और ब्रिसन फर्नाडिस (84वें मिनट) ने किये।

इस जीत से मुंबई सिटी ने लगातार 18 मैचों में अजेय रहते हुए लीग विनर शील्ड जीती। मुंबई सिटी एफसी के 18 मैचों में 14 जीत और चार ड्रा से रिकॉर्ड 46 अंक हो गए हैं। इसके साथ ही उसने एक सत्र में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड भी पूरा किया। मुंबई की टीम ने अब तक 53 गोल दागे हैं।

एफसी गोवा पहले की तरह पांचवें स्थान पर बना हुआ है। उसके 18 मैचों में आठ जीत, तीन ड्रा और सात हार से 27 अंक हैं।

भाषा

पंत नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments