scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशअर्थजगतबजट में विकास का नया 'जीपीएस' , राजस्थान में नई सुबह का ऐलान: गहलोत

बजट में विकास का नया ‘जीपीएस’ , राजस्थान में नई सुबह का ऐलान: गहलोत

Text Size:

जयपुर, 10 फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आगामी वित्त वर्ष के बजट को राज्य के लिए नई सुबह का ऐलान बताते हुए शुक्रवार को कहा कि इसमें विकास का नया ‘जीपीएस’ है। गहलोत ने भरोसा जताया कि राज्य में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार ‘रिपीट’ होगी।

गहलोत ने अपने मौजूदा कार्यकाल का पांचवां व अंतिम बजट शुक्रवार को पेश किया। इसमें गहलोत ने लोगों को महंगाई से राहत दिलाने के लिए कुल मिलाकर 19,000 करोड़ रुपये के ‘महंगाई राहत पैकेज’ की घोषणा की। इसमें गरीबों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर व हर महीने फूड किट देना, 25 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त व 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त देना शामिल है।

बजट पेश करने के बाद गहलोत ने ट्वीट किया,’ ये बजट राजस्थान में एक नई सुबह का ऐलान है। इसमें विकास का नया जीपीएस है जो हमारी राजस्थान की प्रगति की गाड़ी को अपने गंतव्य स्थान तक जल्दी पहुंचाएगा।’

वहीं बजट बाद के संवाददाता सम्मेलन में गहलोत ने कहा,’ आम लोगों का जो मूड है उससे मुझे लगता है कि सरकार इस बार ‘रिपीट’ होगी।’ राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। गहलोत ने कहा कि जनता ने उनकी सरकार के ‘गुड गवर्नेंस’ को परखा है और अभी तक भी राज्य में ‘सरकार विरोध में कोई लहर नहीं है कोई बातचीत नहीं हो रही है।’

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘2028 के विकास के लक्ष्य को ध्यान में रखकर लाए गए ‘बचत राहत बढ़त’ वाले बजट से समाज का हर वर्ग खुश है परंतु भाजपा जनता के बजट से दुखी है। इनका दर्द मैं समझता हूं क्योंकि जनता अब इन्हें 2028 तक विपक्ष में बिठाने वाली है।

बजट भाषण के दौरान भी गहलोत ने इसका जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह कहना चाहूंगा कि आप लोगों को लगता होगा कि अगला चुनाव आ रहा है इसलिए ऐसा बजट पेश हो रहा है … गलत है ये …चार साल में हमने जो बजट पेश किए, एक के बाद एक… वे राज्य में नहीं पूरे देश में चर्चा का विषय बने हुए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष के साथियों से कहना चाहूंगा कि ऐसा नहीं है कि मैं अगले चुनाव को सामने देखकर ऐसा बजट पेश कर रहा हूं … मैं 2028 को देखकर बजट पेश कर रहा हूं। शानदार बजट … राजस्थान कोई सरकार विरोधी लहर नहीं, हमारी योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंच रहा है। 2028 लक्ष्य है मेरा… इसलिए मैं ये सारी योजनाएं ला रहा हूं।’

भाषा कुंज पृथ्वी

राजकुमार अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments