scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशअर्थजगतदो लाख करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने के बाद अब एस्सार समूह की वृद्धि के नए दौर पर नजर

दो लाख करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने के बाद अब एस्सार समूह की वृद्धि के नए दौर पर नजर

Text Size:

बेंगलुरु, सात फरवरी (भाषा) करीब दो लाख करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने के बाद एस्सार समूह अब हाइड्रोकार्बन परियोजनाओं, एलएनजी आयात सुविधा के निर्माण और खुदरा शृंखला कारोबार के अलावा इस्पात संयंत्र में निवेश के जरिये वृद्धि के अगले दौर में कदम रखना चाहता है।

एस्सार कैपिटल लिमिटेड के निदेशक प्रशांत रुइया ने यह जानकारी देते हुए कहा कि फिलहाल ऊर्जा, धातु एवं खनन, ढांचागत क्षेत्र, सेवा एवं प्रौद्योगिकी में एस्सार का कारोबार है और उसकी भावी योजनाएं इसके इर्दगिर्द ही टिकी हुई हैं।

यहां ‘भारत ऊर्जा सप्ताह’ में भाग लेने आए रुइया ने कहा कि कंपनी ओडिशा और सऊदी अरब में इस्पात संयंत्र लगाने के अलावा गुजरात के हजीरा में एक एलएनजी टर्मिनल बनाने की योजना बना रही है। इसके अलावा एस्सार समूह भारत में एक ग्रीन अमोनिया संयंत्र लगाने की संभावनाएं तलाशने के साथ ब्रिटेन में एक ब्लू हाइड्रोजन संयंत्र भी लगा रहा है।

रुइया ने कहा कि समूह ने पिछले तीन साल में दो लाख करोड़ रुपये का कर्ज चुका दिया है जो सबसे बड़े कर्ज पुनर्भुगतान में से एक है। उन्होंने कहा कि कर्ज बोझ से मुक्त होने के बाद अब समूह की नजर वृद्धि के अगले दौर पर टिकी है।

एस्सार समूह के पास 15 अरब डॉलर का राजस्व आधार है और उसकी एबिटा (कर-पूर्व आय) भी एक अरब डॉलर है। नए कारोबार के जुड़ने से इसमें और वृद्धि होने की उम्मीद है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments