(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर राज्यों में शिक्षा और स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्रीय बजट में पर्याप्त आवंटन नहीं करने का आरोप लगाया है।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए विशेष वीडियो साक्षात्कार में कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट ने कर्नाटक और गुजरात जैसे राज्यों का पक्ष लेते हुए महाराष्ट्र को नजरअंदाज किया है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘हम महाराष्ट्र के लिए कुछ घोषणाओं की उम्मीद कर रहे थे, जो सिर्फ एक राज्य नहीं बल्कि राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी है। मुंबई देश की अर्थव्यवस्था का विकास इंजन है। मुंबई के लिए कोई आवंटन नहीं है। ’’
उन्होंने कहा कि राज्यों को वस्तु एवं सेवा कर(जीएसटी) की प्रतिपूर्ति करते समय भी केंद्र भेदभाव करता है।
शिवसेना नेता ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘बजट में प्रयोगशाला में विकसित हीरों के लिए रियायतें प्रदान की गयी हैं। सूरत का हीरा कारोबार सबसे फलता-फूलता उद्योग है, इससे उन्हें लाभ होगा। गिफ्ट सिटी के लिए हर साल आवंटन होता है। कर्नाटक में चुनाव हो रहे हैं, आपने 5,300 करोड़ रुपये की परियोजना की घोषणा की है।’’
उन्होंने कहा देश की राष्ट्रपति और वित्त मंत्री महिला हैं, लेकिन बजट में रसोई गैस के अधिक दाम के महत्वपूर्ण मुद्दे पर कुछ नहीं है जिससे देशभर की महिलाएं प्रभावित हैं।
भाषा
रवि कांत वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
