scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशराष्ट्रपति के अभिभाषण में कुछ भी नया नहीं: खरगे

राष्ट्रपति के अभिभाषण में कुछ भी नया नहीं: खरगे

Text Size:

नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को कहा कि संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में दिये गए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण में ‘कुछ भी नया नहीं’ है और उन्होंने वही कहा, जो सरकार कहना चाहती है।

खरगे ने कहा कि यदि सरकार राष्ट्रपति के माध्यम से दावा कर रही है कि देश ने बहुत प्रगति कर ली है, तो गरीब वर्ग बेरोजगारी और महंगाई के कारण लगातार त्रस्त क्यों है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जिन योजनाओं का नाम बदला है, वे गरीबों तक नहीं पहुंच रही हैं।

खरगे ने दावा किया कि सरकार जिन नये कॉलेज और स्कूल खोलने का दावा करती है, वो सभी निजी क्षेत्र में हैं तथा गरीब जनता को इनका कोई लाभ नहीं मिल रहा।

कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राष्ट्रपति का अभिभाषण सरकार का बयान है, जो राष्ट्रपति के माध्यम से आया है। कोई नयी बात नहीं है। यह नियमित घटनाक्रम है।’’

उन्होंने इस बात पर अफसोस भी प्रकट किया कि वह जम्मू कश्मीर में होने और खराब मौसम के कारण यहां संसद के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रपति मुर्मू के पहले अभिभाषण में शामिल नहीं हो सके।

खरगे ने कहा, ‘‘सरकार का दावा है कि उसने भ्रष्टाचार को हटा दिया है, लेकिन फिर एक आदमी एलआईसी/एसबीआई और अन्य बैंकों को लगभग ‘1 लाख करोड़ रुपये’ का चूना कैसे लगा सकता है। अब, एलआईसी में निवेश करने वाले करीब 30 करोड़ लोग परेशान हो रहे हैं, क्योंकि वह धनराशि एक ऐसे उद्योगपति के पास गई है, जो प्रधानमंत्री का बहुत करीबी है। हालांकि, ऐसे व्यक्तियों और योजनाओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती है, जिन्होंने देश के लोगों को ठगा है।’’

भाषा वैभव दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments