भुवनेश्वर, 17 जनवरी (भाषा) दक्षिण कोरिया के खिलाफ मंगलवार को यहां विश्व कप मैच के अंत में जापान के 12 खिलाड़ी मैदान पर दिखे जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) मामले की जांच करेगा।
जापान पूल बी मैच में 1-2 से हार गया और एफआईएच ने कहा कि यह परिणाम बरकरार रहेगा।
एफआईएच ने कहा, ‘‘जापान और कोरिया के बीच आज के एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप मैच के अंतिम क्षणों में एफआईएच के हॉकी के नियमों में निर्धारित अधिकतम 11 की जगह जापान की टीम के 12 खिलाड़ी मैदान पर थे।’’
बयान के अनुसार, ‘‘मैच के बाद एफआईएच अधिकारियों – जिन्होंने उस समय इस चीज को नहीं पकड़ा- ने जापान की टीम से बात की है जिन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें इसका बिल्कुल भी अहसास नहीं था और उन्होंने माफी मांगी।’’
एफआईएच के अधिकारियों ने कोरियाई टीम को भी इस मामले की जानकारी दी।
बयान के अनुसार, ‘‘एफआईएच वर्तमान में यह पता करने के लिए इस मुद्दे की जांच कर रहा है कि यह कैसे हुआ।’’
भाषा सुधीर पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
