नयी दिल्ली, 13 जनवरी (भाषा ) राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस महासंघ इस साल भारत और इंग्लैंड के बीच एक टेस्ट श्रृंखला का आयोजन कर सकता है ताकि सदस्य देशों में इस खेल को बढावा मिल सके ।
विवेक कोहली की अध्यक्षता वाला सीटीटीएफ कोरोना महामारी और 2022 सत्र व्यस्त होने के कारण पिछले तीन साल में कोई टूर्नामेंट आयोजित नहीं कर सका ।
कोहली ने पीटीआई से कहा कि सीटीटीएफ ने भारत और इंग्लैंड के महासंघों से द्विपक्षीय श्रृंखला के लिये बात की है । इस श्रृंखला के अलावा सीटीटीएफ राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप समेत चार टूर्नामेंटों का आयोजन करना चाहता है ।
कोहली ने कहा ,‘‘ हम टेबल टेनिस में टेस्ट श्रृंखला शुरू करना चाहते हैं जैसे क्रिकेट में होती है । हम इंग्लैंड टेबल टेनिस संघ से बात कर रहे हैं कि भारत में पांच स्थानों पर या इंग्लैंड में तीन स्थानों पर श्रृंखला खेली जा सके । इंग्लैंड में हमने मैनचेस्टर, बर्मिंघम और लंदन को चुना है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ भारत में कानपुर, कोलकाता और तीन अन्य शहरों पर बात हो रही है । हम इसी साल इसका आयोजन करना चाहते हैं । बाद में पाकिस्तान, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका जैसे दूसरे देशों को भी जोड़ा जायेगा ।’’
भाषा मोना नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
