scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशराजौरी आतंकी हमला : आप नेता ने 'सुरक्षा चूक' की जिम्मेदारी तय करने के लिए न्यायिक जांच की मांग की

राजौरी आतंकी हमला : आप नेता ने ‘सुरक्षा चूक’ की जिम्मेदारी तय करने के लिए न्यायिक जांच की मांग की

Text Size:

जम्मू, आठ जनवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं पूर्व मंत्री हर्ष देव सिंह ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के एक गांव में हाल में हुए आतंकवादी हमले की न्यायिक जांच की मांग की है।

हर्ष देव सिंह ने इस हमले में हुई कथित सुरक्षा चूक की जिम्मेदारी तय करने के लिए यह मांग करते हुए रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन सुरक्षा के मोर्चे पर ‘पूरी तरह विफल’ रहा है।

दरअसल, राजौरी जिले के धांगरी गांव में एक जनवरी को आतंकवादियों ने तीन घरों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी, जिसमें सात लोगों की मौत हो गयी थी और 14 अन्य लोग घायल हुए थे।

आम आदमी पार्टी की राज्य समन्वय समिति के अध्यक्ष हर्ष देव सिंह ने पार्टी की ओर से एक बयान में कहा कि ‘सुरक्षा चूक’ की जिम्मेदारी तय करने के लिए धांगरी हमले की न्यायिक जांच जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन सुरक्षा स्थिति से निपटने में पूरी तरह विफल रहा है।

आप नेता ने कहा, ‘‘ उपराज्यपाल के नेतृत्व वाला प्रशासन केवल फर्जी नारे देने तक ही सीमित है और धांगरी नरसंहार सुरक्षा के मोर्चे पर उसकी विफलता का एक उदाहरण है। ’’

हर्ष देव सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय को तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर धांगरी हमले के बाद स्थिति को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने लोगों से एकजुट रहने और समाज में अशांति की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही ताकतों को कड़ा जवाब देने की अपील की।

आप नेता ने धांगरी हमले के साजिशकर्ताओं को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाए जाने के बावजूद सुरक्षाबलों को सफलता नहीं मिलने पर चिंता व्यक्त की।

भाषा रवि कांत रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments