आइजोल, छह जनवरी (भाषा) मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के उत्तरपूर्वी हिस्से को पड़ोसी राज्य मणिपुर से जोड़ने के लिए एक राजमार्ग का निर्माण किया जाएगा।
जोरामथांगा ने सैतुअल जिले के खावलियान गांव के शताब्दी समारोह में शामिल होते हुए कहा कि केन्द्र ने मिजोरम-मणिपुर सीमा पर खावलियान-देइदो-वांगकवाट सड़क के निर्माण के लिए 31 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण पूरा होने पर राज्य के उत्तरपूर्वी हिस्से में खावलियान और आसपास के गांवों को मणिपुर के चुराचांदपुर जिले से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खावलियान और आसपास के गांवों में विकास के विभिन्न कार्यक्रम चलायेंगे।
खावलियान गांव आइजोल से लगभग 183 किलोमीटर दूर मिजोरम के हमार बहुल पूर्वोत्तर भाग में स्थित है।
शुक्रवार को इस गांव के अस्तित्व में आने के 100 साल पूरे होने पर साल भर चलने वाले उत्सव की शुरुआत हुई।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
