नयी दिल्ली, दो जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम तो न्यूनतम तापमान सामान्य दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार को आर्द्रता का स्तर 69 प्रतिशत से 97 प्रतिशत के बीच रहा।
विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: सात डिग्री सेल्सियस और 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
घने कोहरे के कारण मंगलवार को दृश्यता स्तर पर भी असर पड़ने की आशंका है।
विभाग ने कहा कि अगले चार दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में ‘घने’ से ‘बहुत घने’ कोहरे और शीत लहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है।
विभाग के अनुसार, ‘बहुत घना’ कोहरा तब होता है जब दृश्यता 0 से 50 मीटर के बीच होती है जबकि दृश्यता के 51 से 200 मीटर के बीच होने पर ‘घना’ कोहरा, 201 से 500 मीटर होने पर ‘मध्यम’ कोहरा और 501 से 1,000 मीटर के बीच होने पर हल्का कोहरा माना जाता है।
दिल्ली में सोमवार शाम चार वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 357 दर्ज किया गया।
एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
