मुंबई, एक जनवरी (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले में रविवार को एक रसायन फैक्टरी में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग संभवत: बॉयलर के कारण नहीं लगी। इस घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इगतपुरी तालुका में मुंबई-आगरा राजमार्ग के किनारे मुंढेगांव स्थित जिंदल पॉली फिल्म्स फैक्टरी में हुई इस घटना में 17 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज आसपास के गांवों तक सुनाई दी। वहीं, आग और धुआं दूर से ही देखा जा सकता था।
महाराष्ट्र सरकार के निकाय, स्टीम बॉयलर्स निदेशालय के निदेशक धवल अंतापुरकर ने एक बयान में कहा, ‘‘इगतपुरी में जिंदल पॉली फिल्म्स के पांच में से तीन बॉयलर वेस्ट हीट रिकवरी या थर्मिक फ्लुइड पर चलने वाले थे। इसमें भाप तैयार करने के लिए किसी भी ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग नहीं होता है।’
उन्होंने कहा, ‘‘बाकी दो बॉयलर छोटे औद्योगिक बॉयलर प्रकार के हैं, जिसका मतलब है कि संयंत्र के अंदर इनसे आग लगने की न्यूनतम संभावना है।’’
उन्होंने बयान में कहा कि विभाग के उप निदेशक मौके पर पहुंचेंगे और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए समीक्षा की जाएगी।
भाषा सुरभि वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
