नागपुर, 22 दिसंबर (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरहे ने लोकसभा सदस्य राहुल शेवाले के खिलाफ बलात्कार के आरोपों की जांच के लिए राज्य सरकार से बृहस्पतिवार को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने को कहा।
गोरहे ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेताओं एवं विधान परिषद के सदस्यों (एमएलसी) अनिल परब और मनीषा कायंदे द्वारा सदन में मामला उठाये जाने के बाद यह निर्देश दिए।
परब ने कहा कि एकनाथ शिंदे गुट के नेता एवं मुंबई दक्षिण मध्य से सांसद शेवाले पर एक महिला से बलात्कार करने का आरोप है और इसलिए मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया जाना चाहिए।
कायंदे ने दावा किया कि मुंबई पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता दुबई में रहती है और वह महानगर आना चाहती है तथा उसे सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।
कायंदे ने गृह मंत्रालय संभाल रहे उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आरोपों के संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा।
शेवाले के खिलाफ आरोप लगाए जाने के बाद सत्ता पक्ष ने नारेबाजी की, जिसके बाद गोरहे को परिषद की कार्यवाही को 30 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।
परिषद की कार्यवाही पुन: आरंभ होने पर गोरहे ने कहा कि वह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार को आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का निर्देश दे रही हैं।
भाषा सिम्मी सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
