ठाणे (महाराष्ट्र), 22 दिसंबर (भाषा) मुंबई के बाहरी इलाके में बृहस्पतिवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने राष्ट्रीय तेल शोधक कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (बीपीसीएल) की एक महत्वपूर्ण पाइपलाइन से डीजल चुराने की कोशिश में छह फुट का गहरा गड्ढा खोद डाला। अधिकारियों ने बताया कि बीपीसीएल अधिकारियों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि लुटेरे अपने प्रयास में विफल हो गये, लेकिन ठाणे जिले में शील के समीप उन्होंने पाइपलाइन के 18 इंच हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया जिससे इसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि सुबह पांच बजकर 12 मिनट पर उच्च दाब वाली पाइपलाइन से रिसाव होने लगा। राबाले एमआईडीसी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुधीर पाटिल ने बताया कि मुख्य मार्ग से दूर एक इलाके में यह कोशिश की गयी और पाइपलाइन जमीन के नीचे छह फुट नीचे थी।
अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने से रिसाव हुआ और बाद में अधिकारियों ने सुबह-सुबह इलाके को घेर लिया ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। उन्होंने बताया कि पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मी मौके पर मौजूद थे।
ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख अविनाश सावंत ने कहा कि एक गैस गोदाम के निकट उच्च दाब वाली पाइपलाइन में रिसाव होने लगा और इलाके में तेल फैल गया।
बीपीसीएल के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि बाद में पाइपलाइन ठीक कर ली गयी और अब वह पूरी तरह से कार्य कर रही है।
पाटिल ने बताया कि बीपीसीएल अधिकारियों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भादंसं और पेट्रोलियम कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की गयी है। बीपीसीएल ने मुंबई और नासिक जिले के मनमाड को जोड़ने के लिए 1998 में 252 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन शुरू की थी। बाद में उसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक ले जाया गया और यह 1389 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बन गयी।
भाषा राजकुमार संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
