scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमखेलभारत पुरूष हॉकी विश्व कप खिताब का मजबूत दावेदार : रघुनाथ

भारत पुरूष हॉकी विश्व कप खिताब का मजबूत दावेदार : रघुनाथ

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 नवंबर (भाषा) पूर्व खिलाड़ी वीआर रघुनाथ को लगता है कि 13 से 29 जनवरी तक भुवनेश्वर और राउरकेला में होने वाले आगामी एफआईएच पुरूष हॉकी विश्व कप में मेजबान भारत पोडियम स्थान हासिल करने का प्रबल दावेदार है।

हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति के अनुसार एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रह चुके रघुनाथ ने कहा, ‘‘हम निश्चित रूप से एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरूष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला में पदक के दावेदार हैं। हमें घरेलू मैदान और घरेलू प्रशंसकों का लाभ मिलेगा और हमें निश्चित रूप से इसका फायदा उठाना चाहिए। ’’

भारत ने 41 साल का इंतजार खत्म करते हुए पिछले साल तोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था और पूर्व ड्रैग फ्लिकर ने कहा कि इस टूर्नामेंट में पोडियम स्थान देश में खेल के लिये यादगार लम्हा होगा।

भारत ने अभी तक विश्व कप में तीन पदक जीते हैं जिसमें देश 1971 में शुरूआती चरण में तीसरे स्थान पर रहा था जिसके बाद टीम ने 1973 में रजत पदक और 1975 कुआलालम्पुर में स्वर्ण पदक जीता था।

रघुनाथ ने कहा, ‘‘हाल में हमें तोक्यो ओलंपिक में भी पदक मिला और इस टूर्नामेंट (विश्व कप) में पदक जीतना भी शानदार होगा। अगर वे ऐसा कर सकते हैं तो खिलाड़ियों के लिये वास्तव में यह यादगार लम्हा होगा। ’’

भारत के अलावा रघुनाथ विश्व खिताब के लिये आस्ट्रेलिया और मौजूदा चैम्पियन बेल्जियम को भी दावेदार मानते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि बेल्जियम और आस्ट्रेलिया दो टीमें होंगी जिन्हें हराना बहुत मुश्किल होगा। ’’

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments