scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमखेलएफआईएच के वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गये हरमनप्रीत सिंह

एफआईएच के वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गये हरमनप्रीत सिंह

Text Size:

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर (भाषा) भारतीय डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह को शुक्रवार को यहां लगातार दूसरी बार पुरूष वर्ग में एफआईएच का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

हरमनप्रीत लगातार वर्षों में पुरूष वर्ग में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने वाले चौथे खिलाड़ी हैं, वह इस तरह नीदरलैंड के तेयून डि नूजीयर, आस्ट्रेलिया के जेमी ड्वेयर और बेल्जियम के आर्थर वान डोरेन के साथ इस एलीट सूची में शामिल हो गये हैं।

एफआईएच ने एक बयान में कहा, ‘‘हरमनप्रीत एक आधुनिक युग के हॉकी सुपरस्टार हैं। वह शानदार डिफेंडर हैं जिनमें प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ने के लिय सही समय पर सही जगह पहुंचने की बेहतरीन क्षमता है। ’’

इसमें कहा गया, ‘‘उसकी ‘ड्रिब्लिंग’ काबिलियत शानदार है। वह काफी गोल भी बनाता है। अब उन्हें लगातार दूसरे साल एफआईएच का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है। ’’

हरमनप्रीत (26 वर्ष) को कुल 29.4 अंक मिले, उनके बाद थिएरी ब्रिंकमैन के 23.6 और टॉम बून के 23.4 अंक हैं।

भारतीय उप कप्तान हरमनप्रीत ने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021-22 में 16 मैचों में 18 गोल दागे हैं जिसमें दो हैट्रिक भी शामिल हैं।

इन 18 गोल की बदौलत वह भारत के लिये सत्र के अंत में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे और उने नाम प्रो लीग के एक ही सत्र में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है।

हरमनप्रीत पिछले साल ढाका में एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में शानदार फॉर्म में थे जिसमें उन्होंने छह मैचों में आठ गोल दागे थे जिसमें प्रत्येक मैच में एक गोल शामिल था जिससे भारत पोडियम स्थान पर रहा था।

उन्होंने बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम के लिये भी अहम भूमिका अदा की थी।

महिला वर्ग में नीदरलैंड की फेलिस अलबर्स (22 वर्ष) को एफआईएच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

वह महिला वर्ग में जर्मनी की नताशा केलर (1999) के बाद एफआईएच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गयी।

अलबर्स के कुल अंक 29.1 हैं, उन्होंने मारिया ग्रानाटो (26.9 अंक) को पछाड़ा। ऑगस्टिना गोर्जेलानी 16.4 अंक से तीसरे स्थान पर रहीं।

भाषा नमिता मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments