नई दिल्ली: लोकप्रिय हास्य अभिनेता राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक है और उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के गहन चिकित्सा कक्ष में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है. अस्पताल के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
बुधवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद 58 वर्षीय श्रीवास्तव को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई.
एक सूत्र ने बताया, ‘उनकी हालत नाजुक है और वह आईसीयू में जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं.’ श्रीवास्तव का इलाज डॉ. नितीश नाइक की निगरानी में किया जा रहा है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी श्रीवास्तव के सेहत को लेकर एम्स के निदेशक के साथ संपर्क में है. उन्होंने श्रीवास्तव की पत्नी शिखा श्रीवास्तव से भी बात की और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली.
फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट कर श्रीवास्तव के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की. उन्होंने लिखा, ’40 से ज्यादा के उम्र के काफी लोग खतरनाक स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं. ये नो कार्ब, हाई प्रोटीन, सिक्स-पैक का परिणाम है.’
OMG. I pray for Raju’s speedy recovery. So many 40+ people are becoming victims of dangerous health regimes. This is the result of no carb, high protein, six-pack, sculpted body by unregulated and uncertified trainers. Trainers recommend only one template to everyone.
1/7 https://t.co/z0KzMDg1aa— Vivek Ranjan Agnihotri (@vivekagnihotri) August 11, 2022
राजू श्रीवास्तव को एम्स दिल्ली में बुधवार को भर्ती कराया गया था.
श्रीवास्तव के रिश्ते के भाई अशोक श्रीवास्तव ने कल बताया था कि हास्य कलाकार को व्यायाम करते समय दिल का दौरा पड़ा. उन्होंने कहा था, ‘वह नियमित व्यायाम कर रहे थे और ट्रेडमिल पर दौड़ते समय, वह अचानक गिर गए. उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्हें तत्काल एम्स अस्पताल ले जाया गया.’
अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि उनके भाई श्रीवास्तव की पत्नी शिखा श्रीवास्तव भी दिल्ली आ गई हैं, ताकि वह अपने पति के पास रह सकें.
इससे पहले, हास्य कलाकार सुनील पाल ने बताया कि उनके मित्र श्रीवास्तव के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है. पाल ने मीडिया के साथ साझा किए गए वीडियो में कहा, ‘वह अब बेहतर हैं और खतरे से बाहर हैं.’ उन्होंने शुभकामनाएं देने के लिए श्रीवास्तव के प्रशंसकों को धन्यवाद दिया.
श्रीवास्तव मनोरंजन उद्योग में 1980 के दशक के अंत से सक्रिय हैं, लेकिन वह ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के पहले सीजन में भाग लेने के बाद लोकप्रिय हुए.
उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’, ‘बाजीगर’, ‘बॉबे टू गोवा’ और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ में अभिनय किया. श्रीवास्तव ने ‘बिग बॉस’ सीजन तीन में भी भाग लिया था. इस समय श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष हैं.
(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें: क्या जामिया के युवक को ‘IS के लिए पैसे जुटाने के लिए सीरियाई लड़की ने उकसाया था? NIA के सामने आया ‘रोमांटिक एंगल’