scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशमुंबई के कुछ हिस्सों में सुबह निकली धूप, दिन में तेज हवाएं चलने के साथ ही मध्यम बारिश की संभावना

मुंबई के कुछ हिस्सों में सुबह निकली धूप, दिन में तेज हवाएं चलने के साथ ही मध्यम बारिश की संभावना

Text Size:

मुंबई, 11 अगस्त (भाषा) मुंबई में पिछले कई दिनों से जारी बारिश के दौर के बाद बृहस्पतिवार को सुबह शहर के कुछ हिस्सों में तेज धूप निकली।

नगर निकाय के अधिकारियों के अनुसार, शहर के अधिकतर हिस्सों में बृहस्पतिवार को सुबह बारिश नहीं हुई। महानगर के कुछ इलाकों में तेज धूप निकली, जबकि अन्य कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर और उसके उपनगरों में मध्यम बारिश का अनुमान है। वहीं, अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना भी है। इस दौरान कभी-कभी 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पकड़ सकती हैं।

नगर निकाय अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 33 मिनट पर अरब सागर में 4.59 मीटर तक और रात 11 बजकर 33 मिनट के आसपास 3.81 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

उन्होंने बताया कि लोकल ट्रेन सेवाएं और ‘बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट’ (बेस्ट) की बस सेवाएं सामान्य हैं।

नगर निकाय अधिकारियों ने बताया कि शहर में बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 31.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 36.23 मिमी और 29.67 मिमी बारिश दर्ज की गई।

उन्होंने बताया कि शहर में गत रविवार को भारी बारिश होने के बाद पिछले कुछ दिनों से मध्यम से भारी बारिश का दौरा जारी था।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments