scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशदिल्ली के अलीपुर में निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिरी, पांच लोगों की मौत

दिल्ली के अलीपुर में निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिरी, पांच लोगों की मौत

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, आठ घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका के बीच तलाश अभियान अभी जारी है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा कि गोदाम का क्षेत्रफल लगभग 5,000 वर्ग गज है और दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि निर्माण अनधिकृत था।

पुलिस ने कहा कि अलीपुर थाने को दोपहर 12:40 बजे दीवार गिरने की सूचना मिली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘घटनास्थल पर पहुंचने पर यह पाया गया कि निर्माणाधीन गोदाम की लगभग 100 फुट लंबी और 15 फुट ऊंची दीवार गिर गई। दीवार के पास नींव की खुदाई कर रहे करीब 20 मजदूर मलबे के नीचे दब गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सबके प्रयासों से 13 मजदूरों को नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया। उनमें से आठ का इलाज जारी है, जबकि पांच अन्य को मृत घोषित कर दिया गया।’’

पुलिस अधिकारी ने कहा कि जमीन के मालिक की पहचान अलीपुर क्षेत्र के बकोली निवासी शक्ति सिंह (40) के रूप में और ठेकेदार की पहचान सिकंदर के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने एक बयान में कहा कि बकोली गांव में निजी जमीन पर दीवार बनाई जा रही थी। सब डिविजनल मजिस्ट्रेट ने निर्माण पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था।

एमसीडी ने कहा, ‘‘दिल्ली नगर निगम ने 22 अप्रैल को तोड़फोड़ की कार्रवाई की थी और संबंधित थाने को वहां निर्माण गतिविधियों की अनुमति नहीं देने के लिए लिखा था। 13 जुलाई को, एक जूनियर इंजीनियर ने क्षेत्र के दौरे के दौरान मौके पर निर्माण गतिविधियों को देखा, जिसके बाद संबंधित संपत्ति के मालिक को नोटिस जारी किया गया था।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया और कहा कि उनकी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खोया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक ट्वीट में मोदी के हवाले से कहा गया है, ‘‘दिल्ली के अलीपुर में हुए हादसे से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह बचाव कार्य पर नजर रखे हुए हैं। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘अलीपुर का हादसा बेहद दर्दनाक है। जिला प्रशासन राहत और बचाव अभियान में जुटा है। मैं भी राहत और बचाव कार्यों पर नजर रख रहा हूं। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।’’

भाषा आशीष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments