scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशकेमिस्ट हत्या मामला : आरोपियों की हिरासत अवधि बढ़ाई गई

केमिस्ट हत्या मामला : आरोपियों की हिरासत अवधि बढ़ाई गई

Text Size:

मुंबई, 15 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने शुक्रवार को यहां एक अदालत में कहा कि नुपुर शर्मा का कथित तौर पर समर्थन करने को लेकर अमरावती में एक केमिस्ट की हत्या के ‘अंतरराष्ट्रीय प्रभाव’ हैं। वहीं, अदालत ने मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों की एनआईए हिरासत अवधि 22 जुलाई तक बढ़ा दी।

केमिस्ट उमेश कोल्हे की 21 जून को चाकू मारकर हत्या कर दी गयी थी। वह अपनी दुकान बंद करने के बाद रात में घर लौट रहे थे। उमेश कोल्हे ने पैगंबर मोहम्मद के बारे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा की टिप्पणी का समर्थन किया था।

एनआईए ने इस घटना की जांच अमरावती पुलिस से अपने हाथ में ले ली है। एजेंसी ने आरोपियों की प्रारंभिक हिरासत अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें शुक्रवार को यहां विशेष एनआईए अदालत के समक्ष पेश किया।

एनआईए ने आरोपियों को और आठ दिनों के लिए हिरासत में दिए जाने का अनुरोध करते हुए कहा कि यह मामला बहुत गंभीर है और इसके ‘राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव’ हैं। एजेंसी ने कहा कि इस हत्या के पीछे का मकसद समाज के एक तबके को आतंकित करना था।

एनआईए ने कहा कि आरोपियों ने मिलकर साजिश रची थी तथा एक संदिग्ध अभी फरार है। उसने कहा कि मामले में आगे की जांच के लिए आरोपियों को राजस्थान ले जाने की जरूरत है।

एजेंसी ने बचाव पक्ष के वकीलों के इस दावे का खंडन किया कि यह घटना दोस्तों के बीच आपसी लड़ाई का नतीजा थी।

बचाव पक्ष के वकील शरीफ शेख ने हिरासत अवधि बढ़ाए जाने का विरोध करते हुए कहा कि कोई ठोस आधार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कोल्हे की हत्या उदयपुर की घटना से पहले हुई थी और जांच एजेंसी इसे अलग रंग देने की कोशिश कर रही है।

अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपियों की हिरासत अवधि बढ़ा दी।

भाषा अविनाश दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments