scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशराष्ट्रपति चुनाव: राजग की उम्मीदवार मुर्मू ने गोवा के सांसदों, विधायकों से की मुलाकात

राष्ट्रपति चुनाव: राजग की उम्मीदवार मुर्मू ने गोवा के सांसदों, विधायकों से की मुलाकात

Text Size:

पणजी, 14 जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा उनके सहयोगी दलों के विधायकों और सांसदों से बृहस्पतिवार को मुलाकात की।

देश में 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव के लिए समर्थन मांगने मुर्मू आज सुबह ही गोवा पहुंचीं।

केंद्रीय मंत्री एवं उत्तरी गोवा के सांसद श्रीपद नाइक, राज्यसभा सांसद विनय तेंदुलकर और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेत तानवाड़े ने दाबोलिम हवाई अड्डे पर मुर्मू की अगवानी की। हवाई अड्डे से मुर्मू होटल गईं, जहां उन्होंने विधायकों तथा सांसदों से मुलाकात की।

गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 20 विधायक, उसके सहयोगी दल महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायक, सत्ताधारी दल को समर्थन दे रहे तीन निर्दलीय विधायक और नाइक तथा तेंदुलकर बैठक में शामिल हुए।

विपक्षी दलों ने 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।

मुर्मू, झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। अगर वह चुनाव जीत जाती हैं, तो राष्ट्रपति पद पर काबिज होने वाली वह पहली आदिवासी महिला होंगी।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments