नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से शनिवार शाम छह बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :
वि22 श्रीलंका प्रदर्शन दूसरी लीड राजपक्षे
श्रीलंका में सैकड़ों प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति राजपक्षे के आधिकारिक आवास में घुसे
कोलंबो, श्रीलंका में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के इस्तीफे की मांग करते हुए शनिवार को मध्य कोलंबो के कड़ी सुरक्षा वाले फोर्ट इलाके में अवरोधकों को हटाकर उनके (राष्ट्रपति के) आधिकारिक आवास में घुस गए। सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों में दो पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 30 लोग घायल हो गए।
प्रादे63 लीड अमरनाथ
बादल फटने की घटना:मृतक संख्या बढ़ कर 16 हुई ; 15000 श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
श्रीनगर, जम्मू कश्मीर में अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने के कारण अचानक आयी बाढ़ के चलते मरने वाले लोगों की संख्या शनिवार को बढ़कर 16 हो गई। वहीं, कई लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका के बीच बगैर रूके तलाश अभियान जारी है।
दि37 गृह मंत्रालय लीड निगम परिसीमन
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली में नगर निगम वार्ड के परिसीमन के लिए आयोग का गठन किया
नयी दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली में नगर निगम वार्ड के परिसीमन के लिए तीन सदस्यीय आयोग का गठन किया है। एमसीडी द्वारा शनिवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है।
दि24 राहुल कांग्रेस महंगाई
राहुल ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा
नयी दिल्ली, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज में पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतें बढ़ने के साथ ही ‘गब्बर सिंह टैक्स’ की लूट एवं बेरोजगारी की सुनामी आ गई है।
दि35 सीबीआई कार्ति
चीनी वीजा मामला: सीबीआई ने कार्ति के चेन्नई स्थित आवास की तलाशी ली
नयी दिल्ली, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने चीनी वीजा मामले में शनिवार को कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम के चेन्नई स्थित आवास की तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रादे58 राजस्थान कांग्रेस
राष्ट्रवाद की आड़ में देश को खोखला कर रही है भाजपा: गोहिल
जयपुर, कांग्रेस के सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर शनिवार को केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि वह देश को खोखला करने की कोशिश कर रही है।
दि27 शिंदे लीड दिल्ली
शिंदे, फडणवीस ने राष्ट्रपति कोविंद, राजनाथ सिंह से मुलाकात की, प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे भेंट
नयी दिल्ली, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को यहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
प्रादे62 उप्र साधना गुप्ता निधन
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पत्नी का निधन, योगी समेत कई नेताओं ने जताया शोक
लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार सुबह गुरुग्राम में निधन हो गया। सपा के सूत्रों ने लखनऊ में बताया कि साधना गुप्ता (62) पिछले तीन महीनों से फेफड़ों के संक्रमण और अन्य बीमारियों से पीड़ित थीं जिन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आज सुबह अंतिम सांस ली।
दि15 वायरस लीड मामले
भारत में कोविड-19 के 18,840 नए मामले, 43 मरीजों की मौत
नयी दिल्ली, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 18,840 नए मामले आने से देश में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,36,04,394 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,25,028 पर पहुंच गई।
वि17 आबे दूसरी लीड पार्थिव शरीर
शोक में डूबा जापानः पूर्व प्रधानमंत्री आबे का पार्थिव शरीर तोक्यो लाया गया
तोक्यो, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का पार्थिव शरीर शनिवार को तोक्यो लाया गया। आबे की शुक्रवार को पश्चिमी जापान में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
वि20 अमेरिका लीड चीन
अमेरिका, चीन के बीच तनाव खत्म करने के लिए ब्लिंकन ने वांग से मुलाकात की
नुसा दुआ (इंडोनेशिया), अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने वाशिंगटन और बीजिंग के बीच हाल में बढ़ी कड़वाहट को खत्म करने या कम करने की कवायद के तौर पर शनिवार को चीन के अपने समकक्ष वांग यी से मुलाकात की।
वि6 अमेरिका बाइडन गर्भपात आदेश
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने गर्भपात पर रोक लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए
वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने देश में गर्भपात पर रोक लगाने के शासकीय आदेश पर शुक्रवार को हस्ताक्षर कर दिए। हालांकि, उन्होंने गर्भपात के संवैधानिक अधिकार पर रोक लगाने के उच्चतम न्यायालय के आदेश की आलोचना करते हुए लोगों से इस फैसले से निराश न होने की अपील की।
अर्थ1 ट्विटर मस्क समझौता रद्द
मस्क ने ट्विटर को खरीदने का सौदा रद्द किया, कंपनी करेगी मुकदमा
सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका), टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क ने ट्विटर के बोर्ड को शुक्रवार को बताया कि वह उसके अधिग्रहण का समझौता रद्द कर रहे हैं। इसके बाद माइक्रोब्लॉगिंग साइट को 44 अरब डॉलर में खरीदने का उनका सौदा खटाई में पड़ता दिख रहा है।
खेल13 खेल मुक्केबाजी युवा
युवा राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैम्पियनशिप : एशियाई चैम्पियन विश्वनाथ, रोहित चमोली क्वार्टर फाइनल में
चेन्नई, मौजूदा एशियाई चैम्पियन विश्वनाथन सुरेश और रोहित चमोली ने युवा राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया ।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
