scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशअन्नाद्रमुक और सहयोगी दलों ने राष्ट्रपति चुनाव में राजग प्रत्याशी मुर्मू का किया समर्थन

अन्नाद्रमुक और सहयोगी दलों ने राष्ट्रपति चुनाव में राजग प्रत्याशी मुर्मू का किया समर्थन

Text Size:

चेन्नई, दो जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति पद के लिए राजग प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू ने शनिवार को यहां भाजपा के सहयोगी दलों से मुलाकात की और उनका समर्थन मांगा।

यहां करीब तीन घंटे तक ठहरने के दौरान मुर्मू अन्नाद्रमुक नेताओं- के. पलानीस्वामी और ओ. पन्नीरसेल्वम, तमिल मनीला कांग्रेस के अध्यक्ष जी. के. वासन, पट्टाली मक्कल काचि (पीएमके) के अध्यक्ष डॉ. अंबुमणि रामदास से मिलीं तथा सभी ने उनके प्रति समर्थन व्यक्त किया।

पन्नीरसेल्वम ने उनके साथ भेंट के दौरान कहा, ‘‘वैसे तो आपकी जीत करीब-करीब पक्की है, लेकिन आप तमिलनाडु के विधायकों एवं सांसदों का समर्थन मांगने चेन्नई तक आयीं। यह आपकी सादगी एवं विनम्रता को दर्शाता है।’’

अपने समर्थकों के साथ अलग से राजग प्रत्याशी का स्वागत करने वाले अन्नाद्रमुक नेता ने कहा कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता जीवित होतीं तो वह अगले राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू को देखकर बहुत प्रसन्न होतीं।

पन्नीरसेल्वम को एक प्रकार से हाशिये पर डालकर अन्नाद्रमुक के अगले एकमात्र नेता के रूप में पेश किये जा रहे पलानीस्वामी शॉल एवं गुलदस्ता के साथ मुर्मू का अभिवादन करने वाले पहले नेता थे। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू के प्रति अन्नाद्रमुक के पूर्ण समर्थन का वादा किया। आपस में टकराव से गुजर रहे पन्नीरसेल्वम एवं पलानीस्वामी अपने-अपने समर्थकों के साथ मुर्मू से अलग-अलग मिले।

यहां पहुंचने पर एक पंचसितारा होटल में मुर्मू का जबर्दस्त स्वागत किया गया। जब पलानीस्वामी ने राजग प्रत्याशी का अभिवादन किया तब केंद्रीय मंत्री एल मुरूगन, भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाति श्रीनिवास मौजूद थीं।

पीएमके की विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि ने ‘‘सामाजिक न्याय को बरकरार रखने के लिए’’ मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन किया है।’’

तमिलनाडु में 234-सदस्यीय विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक के 66 विधायक हैं, जबकि पीएमके पांच एवं भाजपा के चार विधायक हैं। इस प्रकार राज्य में राजग के पक्ष में 75 विधायक हैं।

पुडुचेरी से प्राप्त समाचार के अनुसार मुर्मू ने एआईएनआरसी-नीत गठबंधन के विधायकों के साथ बैठक कीं और उनका समर्थन मांगा।

उससे पहले पुडुचेरी हवाईअड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री एन रंगासामी तथा मंत्री एवं कुछ विधायकों ने उनकी अगवानी की।

वैसे तो इस केंद्रशासित प्रदेश में अन्नाद्रमुक के विधायक नहीं हैं, लेकिन पार्टी के नेताओं ने उनसे भेंट की।

पुडुचेरी विधानसभा में 30 निर्वाचित सदस्य एवं तीन नामित विधायक हैं। सत्तारूढ़ राजग में एआईएनआरसी के दस और भाजपा के छह एवं छह निर्दलीय विधायक हैं।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments