scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशएथलीट की हत्या के मामले में हिप्र उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की बेटी गिरफ्तार

एथलीट की हत्या के मामले में हिप्र उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की बेटी गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) सीबीआई ने लगभग सात साल पहले चंडीगढ़ में राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज सुखमनप्रीत सिंह उर्फ ​​सिप्पी सिद्धू की हत्या के मामले में बुधवार को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की बेटी कल्याणी सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि ‘दस्तावेजी सामग्री’ बरामद होने के बाद सीबीआई ने कल्याणी सिंह को पूछताछ के लिए अपने कार्यालय बुलाया था।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को कुछ दस्तावेजी सबूत मिले जिनसे संकेत मिला कि कल्याणी सिंह और सिद्धू करीबी थे तथा उनके प्रेम संबंधों में खटास आ गई थी।

अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय एजेंसी ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सबीना सिंह की बेटी कल्याणी सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया था, जहां वह कथित तौर पर सवालों से ‘‘बचती’’ नजर आई जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के एक पूर्व न्यायाधीश के पोते तथा एक प्रसिद्ध वकील के बेटे सिद्धू को 20 सितंबर, 2015 को एक ‘शॉर्ट गन आग्नेयास्त्र’ से कम से कम चार गोलियां मारी गई थीं और उनका गोलियों से छिदा शव अगले दिन सुबह के समय चंडीगढ़ के सेक्टर-27 में मिला था।

सीबीआई ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय एजेंसी ने 13 अप्रैल 2016 को चंडीगढ़ प्रशासन के अनुरोध पर सिद्धू की हत्या में प्राथमिकी दर्ज की थी जो एक वकील भी थे।

कल्याणी सिंह लंबे समय से एजेंसी की जांच के दायरे में थी क्योंकि जांच के दौरान यह सामने आया था कि सिद्धू के हत्यारे के साथ एक महिला भी थी।

सीबीआई ने इस मामले में 2020 में एक ‘अनट्रेस्ड रिपोर्ट’ (पता नहीं चलने संबंधी) दायर की थी जिसमें उल्लेख किया गया था कि उसके पास आरोपपत्र दायर करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं, लेकिन इसने ‘उस (आरोपी) पर बहुत अधिक संदेह’ के कारण जांच जारी रखने की अनुमति मांगी थी।

एजेंसी ने प्रासंगिक समय पर घटना के स्थान पर देखी गई एक मारुति ज़ेन कार का भी जिक्र किया था, जिसके अंतिम चार अंक ‘‘1183’’ थे।

बयान में कहा गया, “आगे की जांच के दौरान, मामले में आरोपी (कल्याणी सिंह) की कथित संलिप्तता सामने आई। तदनुसार, उससे पूछताछ की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’’

सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘गिरफ्तार आरोपी को आज (बुधवार) विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट, चंडीगढ़ की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।’’

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments