scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशदिल्ली : जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर महिला के साथ यौन दुर्व्यवहार

दिल्ली : जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर महिला के साथ यौन दुर्व्यवहार

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के जोर बाग स्टेशन पर एक महिला ने एक व्यक्ति पर उसके साथ यौन दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

महिला ने आपबीती बयां करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उससे अपना संपर्क विवरण साझा करने को कहा, ताकि वह उस तक पहुंच सके।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए महिला से इस घटना का सही समय पूछा है।

महिला ने कई ट्वीट कर इस घटना के बारे में बताया है। उसने दावा किया कि बृहस्पतिवार दोपहर जब वह जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर उतरी तो पता पूछने के बहाने एक व्यक्ति उसके पास पहुंचा।

महिला ने ट्वीट में कहा, ‘आज दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर यात्रा करते समय मुझे जोर बाग स्टेशन पर यौन दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। उस व्यक्ति ने मेट्रो यात्रा के दौरान पता पूछने के बहाने मेरी मदद मांगी थी।’

महिला ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘मैंने उसकी मदद की, फिर अपने स्टेशन पर उतर गई और कैब बुक करने के लिए प्लेटफॉर्म पर बैठ गई। तभी वह आदमी पते की पुष्टि करने के बहाने दोबारा मेरे पास आया। मुझे लगा कि उसे वास्तव में मदद की जरूरत है। हालांकि, उस व्यक्ति ने पता लिखा दस्तावेज दिखाते हुए मेरे सामने अपने गुप्तांगों का प्रदर्शन किया। इसके बाद वह दूसरी ट्रेन पकड़कर वहां से फरार हो गया।’

महिला ने कहा कि यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसने प्लेटफॉर्म पर खड़े पुलिसकर्मी से मदद के लिए संपर्क किया, लेकिन पुलिसकर्मी ने कोई कार्रवाई नहीं की।

भाषा रवि कांत पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments