नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धन शोधन के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए गए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का बचाव करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बुधवार को आड़े हाथ लिया और पूछा कि उन्होंने क्यों ‘‘एक भ्रष्ट व्यक्ति’’ को क्लीन चिट दी।
इस प्रकरण पर केजरीवाल के खिलाफ हमले तेज करते हुए भाजपा ने कथित तौर पर जैन से संबंधित धन शोधन के कई मामलों का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि वह कई मुखौटा कंपनियों के मालिक हैं।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल द्वारा मंगलवार को दिए गए उस बयान का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भ्रष्टाचार, देश से ‘‘गद्दारी’’ के समान है । ईरानी ने पूछा कि ऐसे में फिर आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक एक ‘‘गद्दार’’ का बचाव क्यों कर रहे हैं, जिसने कथित तौर पर सरकारी खजाने और जनता के साथ धोखा किया है?
जैन के खिलाफ आरोपों की झड़ी लगाते हुए ईरानी ने केजरीवाल से कई सवाल भी किए। उन्होंने पूछा कि वह बताएं कि क्या ये आरोप सही हैं या नहीं।
ज्ञात हो कि केजरीवाल ने जैन के खिलाफ धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोपों को खारिज कर दिया था और उन्हें झूठा व राजनीति से प्रेरित बताया था।
ईरानी ने कहा, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने कल एक भ्रष्ट व्यक्ति को क्लीन चिट दी। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ जो आरोप हैं, वे सभी तथ्यों से बहुत दूर हैं। अरविंद केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन को जनता की अदालत में बरी कर दिया।’’
केंद्रीय मंत्री ने आरोपी जैन और उनके परिवार के सदस्यों की कथित चार मुखौटा कंपनियों का नाम लेते हुए केजरीवाल से पूछा कि जैन ने हवाला कारोबारियों के सहयोग से 16.39 करोड़ रुपये का धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) किया या नहीं?
उन्होंने सवाल किया, ‘‘केजरीवाल जी, क्या ये सत्य है कि प्रिंसिपल कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स ने इस बात को कहा कि 16.39 करोड़ के कालेधन के सही मालिक स्वयं सतेन्द्र जैन हैं?’’
उन्होंने बताया कि दिल्ली उच्च न्यायालय की एक डिविजन बेंच ने 2019 के अपने एक ऑर्डर में इस बात की पुष्टि की थी कि सत्येंद्र जैन ने मनी लॉन्ड्रिंग की है।
ईरानी ने केजरीवाल से सवाल किया कि इसके बाद भी उन्होंने जैन के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें (जैन को) सीधे उनका (केजरीवाल का) संरक्षण मिला हुआ है।’’
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2016 में आय के खुलासे कर योजना के तहत खुद जैन ने कबूला है कि 16.39 करोड़ रुपये का शोधन हुआ था और उनकी कंपनी ने इसके लिए कर अदा करने का प्रस्ताव दिया था।
उन्होंने केजरीवाल से पूछा कि क्या ऐसे व्यक्ति को उनकी सरकार में मंत्री बने रहना चाहिए?
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने सोमवार को धन शोधन के एक मामले में जैन को गिरफ्तार कर लिया था। जैन के पास दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य, गृह और ऊर्जा समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी है।
केजरीवाल को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करते हुए ईरानी ने आरोप लगाया कि जैन की मुखौटा कंपनियों द्वारा दिल्ली के कुछ अनियमित कॉलोनियों में 200 बीघा जमीन खरीदी गई। उन्होंने केजरीवाल से पूछा कि क्या यह आरोप सही है या नहीं है?
उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या इन कॉलोनियों को नियमित करने का संबंध जैन के निवेश से है कि नहीं?
भाषा ब्रजेन्द्र
ब्रजेन्द्र मनीषा उमा
उमा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
