scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशझारखंड : चुनाव ड्यूटी के लिए आए एसएसबी जवान की गोली लगने से मौत

झारखंड : चुनाव ड्यूटी के लिए आए एसएसबी जवान की गोली लगने से मौत

Text Size:

गिरिडीह (झारखंड), 26 मई (भाषा) गिरिडीह जिले में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के मतदान के लिए बगोदर पहुंचे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान की बृहस्पतिवार को गोली लगने से मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृत एसएसबी जवान विजय भारती दुमका के शिकारीपाड़ा का रहने वाला था।

उन्होंने बताया कि मृतक बृहस्पतिवार की सुबह ही अपने बटालियन के साथ चौथे चरण के मतदान में ड्यूटी करने बगोदर पहुंचा था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि 35 वर्षीय एसएसबी जवान विजय भारती को गोली कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है। यद्यपि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है।

आशंका यह भी जतायी गयी है कि हथियार की सफाई के दौरान अचानक बंदूक का ट्रिगर दब गया जिससे जवान के चेहरे को चीरती हुई गोली पार हो गयी और उसकी मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि गोली की आवाज सुनते ही साथी जवानों में अफरा-तफरी मच गई। बस के अंदर जब जवानों ने देखा तो विजय एक तरफ गिरे पड़े थे। जवानों ने तुरंत उन्हें उठाकर इलाज के लिए बगोदर सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि जवान शादीशुदा था। हालांकि अब तक इस बात के पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं कि यह आत्महत्या का मामला ही है और यदि ऐसा है तो यह पता नहीं चल पाया है कि उन्होंने इस तरह का कदम क्यों उठाया?

घटना स्थल पहुंचे पुलिस अधीक्षक अमित रेणू ने जवान की मौत को दुखद बताया है।

भाषा, संवाद इन्दु

धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments