scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशभाजपा से कोई दुश्मनी नहीं, केवल विचारधारा की लड़ाई: गहलोत

भाजपा से कोई दुश्मनी नहीं, केवल विचारधारा की लड़ाई: गहलोत

Text Size:

जयपुर, 21 मई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस की भाजपा से कोई दुश्मनी नहीं है, बल्कि यह विचारधारा की लड़ाई है। इसके साथ ही गहलोत ने जनता से एक बार राज्य में कांग्रेस सरकार बनाने की अपील की ताकि वह अपनी महत्वाकांक्षी योजनाओं को पूरा कर सके।

गहलोत आजादी की गौरव यात्रा के कोटपूतली कस्बे में पहुंचने पर वहां आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। गहलोत ने कहा,‘‘यह तो लड़ाई विचारधारा की है। हमारी कोई दुश्मनी नहीं है, न प्रधानमंत्री मोदी से है, न भाजपा से, न आरएसएस वालों से दुश्मनी है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों और जातियों को लेकर चलने वाली पार्टी है। गहलोत ने कहा कि देश के सामने आज समस्याएं बहुत बड़ी-बड़ी हैं, लोग परेशान हैं और किसान आत्महत्या कर रहे हैं, नौजवान बेरोजगारी से त्रस्त हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास की बात लेकर ही आगे बढ़ेगी। गहलोत ने लोगों से एक बार फिर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा,‘‘पांच साल में सरकार बदल जाती है, हमारे काम अधूरे रहे जाते हैं। अगर हमने काम किया है, 36 कौमों का और सभी वर्गों का, तो आप एक बार पुन: कांग्रेस की सरकार बनाओ ताकि हम अपने वादों और योजनाओं को पूरा कर सकें।’’

सभा को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

भाषा पृथ्वी

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments