scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशबीआरओ लद्दाख में विकास कार्यों के लिए नयी इकाइयां बनाएगा

बीआरओ लद्दाख में विकास कार्यों के लिए नयी इकाइयां बनाएगा

Text Size:

लेह/जम्मू, 15 अप्रैल (भाषा) सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) नयी सड़क निर्माण कंपनी (आरसीसी) इकाइयों की स्थापना करेगा तथा लद्दाख में विभिन्न विकास परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए एक कार्यबल बनाएगा।

बीआरओ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चौधरी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने लद्दाख के उपराज्यपाल आर. के. माथुर से लेह में राजनिवास में मुलाकात की और उन्हें यह जानकारी दी।

बीआरओ प्रमुख ने उपराज्यपाल से केंद्र शासित प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए भूमि आवंटन करने को भी कहा।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार लेफ्टिनेंट जनरल चौधरी ने माथुर को लद्दाख में चल रही बीआरओ की विभिन्न परियोजना की जानकारी दी।

माथुर ने रिकॉर्ड समय में जोजी ला और मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्गों को खोलने तथा श्रमिकों के कल्याण के लिए काम करने की खातिर बीआरओ की सराहना की।

उपराज्यपाल ने निमू-पदुम-दारचा सड़क को पूरा करने में सामने आ रही समस्याओं और काम के पूरा होने में लगने वाले समय के बारे में भी पूछताछ की। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि संगठन साथ ही एक वैकल्पिक मार्ग भी विकसित कर सकता है।

बयान में कहा गया है कि उपराज्यपाल को लद्दाख में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे ‘कैफे’ की स्थापना की भी जानकारी दी गयी।

भाषा अविनाश पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments