scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमविदेशरूसी विदेश मंत्रालय ने तालिबान सरकार की ओर से भेजे गये पहले राजनयिक को मान्यता दी:लावरोव

रूसी विदेश मंत्रालय ने तालिबान सरकार की ओर से भेजे गये पहले राजनयिक को मान्यता दी:लावरोव

Text Size:

बीजिंग/मास्को, 31 मार्च (भाषा) रूस के विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार द्वारा मास्को भेजे गये पहले राजनयिक को मान्यता दे दी है। विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बृहस्पतिवार को यह कहा।

लावरोव ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से काबुल में नयी सरकार से सक्रियता से सहयोग करने की अपील की।

पिछले साल अगस्त में काबुल की सत्ता पर कब्जा करने के बाद से तालिबान यह भरसक प्रयास करता रहा है कि उसके इस्लामी अमीरात को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अफगानिस्तान की आधिकारिक सरकार के रूप में मान्यता मिले।

हालांकि, काबुल में कट्टरपंथी इस्लामवादियों द्वारा संचालित सरकार को विश्व के किसी भी राष्ट्र से आधिकारिक मान्यता नहीं मिली है।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने लावरोव को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘मैं यह उल्लेख करना चाहूंगा कि पिछले महीने मास्को पहुंचे प्रथम अफगान राजनयिक को रूसी विदेश मंत्रालय ने मान्यता दे दी है। ’’

लावरोव ने अफगानिस्तान के पड़ोसी देशों की तीसरी मंत्रीस्तरीय बैठक को पूर्वी चीन के तुंक्शी शहर में संबोधित करते हुए चीन, ईरान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के अपने समकक्षों से यह कहा।

लावरोव ने यह भी कहा कि अफगानिस्तान की मौजूदा दयनीय हालत के लिए पश्चिमी देश जिम्मेदार हैं और उन्हें इसे उबारना चाहिए।

लावरोव ने यह भी कहा कि अफगानिस्तान की सीमा से लगे मध्य एशिया के देशों में अमेरिका और नाटो के सैन्य उपकरणों की संभावित तैनाती का रूस विरोध करता है।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments