नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) युद्ध प्रभावित यूक्रेन के खारकीव शहर में मंगलवार सुबह गोलाबारी में हुई भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा ज्ञानगौदर की मौत पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने शोक जताया।
नवीन कर्नाटक के हावेरी जिले के चलगेरी का निवासी था। रूस के हमले के बाद यूक्रेन में जारी युद्ध में यह किसी भारतीय व्यक्ति की मौत का पहला मामला है।
भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने इस घटना को ‘‘बेहद दुखद’’ करार दिया और नवीन के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
भाजपा महासचिव सी टी रवि ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘कर्नाटक के छात्र नवीन ज्ञानगौदार की यूक्रेन में गोलीबारी से हुई मौत से गहरा दुख पहुंचा है। नवीन की आत्मा को सदगति मिले। उनके परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।’’
इससे पहले, विदेश मंत्रालय ने एक ट्वीट में नवीन के मौत की पुष्टि की।
विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया, ”अत्यंत दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खारकीव में गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई।”
कई भारतीय अभी भी खारकीव में फंसे हुए हैं जहां रूस ने एक बड़ा सैन्य आक्रमण शुरू किया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश सचिव रूस और यूक्रेन के राजदूतों से बात कर रहे हैं जिसमें वह उन भारतीय नागरिकों के लिए ‘तत्काल सुरक्षित मार्ग’ की भारत की मांग को दोहराएंगे जो अभी भी खारकीव और अन्य शहरों में संघर्ष क्षेत्रों में फंसे हैं।
भाषा ब्रजेन्द्र
ब्रजेन्द्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
