नोएडा (उप्र), एक मार्च (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले स्थित नोएडा फेस-2 थाने की एनएसईजेड पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियो द्वारा शिकायत नहीं सुने जाने पर महिला की ओर से आत्मदाह की कोशिश करने के मामले में चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हरीश चंदर ने बताया कि थाना फेस-2 क्षेत्र के इलाहाबास गांव निवासी संगीता (31 वर्ष) ने 22 फरवरी को एनएसईजेड पुलिस चौकी के सामने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली थी, उन्हें अत्यंत गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है।
उन्होंने बताया कि संगीता के पिता ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था जिसकी जांच की गई तो चौकी प्रभारी की लापरवाही सामने आई।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि चौकी प्रभारी उदयवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है, तथा उनकी विभागीय जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पीड़िता को परेशान करने के तीन आरोपियों में से दो गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं पीड़िता के पिता सुंदर का आरोप है कि इस मामले में शुरू से ही चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध रही है।
इस मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त को सौंपी गई है।
भाषा सं. धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.