scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशहजारीबाग में भीड़ हत्या में भी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हेमंत सरकार : दीपक प्रकाश

हजारीबाग में भीड़ हत्या में भी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हेमंत सरकार : दीपक प्रकाश

Text Size:

रांची, 17 फरवरी (भा) भारतीय जनता पार्टी ने हजारीबाग की सांप्रदायिक हिंसा पर झारखंड सरकार के रुख पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वहां भीड़ द्वारा युवक की निर्मम हत्या में भी राज्य सरकार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है।

भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हजारीबाग में छह फरवरी को सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान 17 वर्षीय रूपेश पांडेय की भीड़ द्वारा की गई हत्या पर राज्य सरकार के रुख को पूरी तरह से एकतरफा और हिंदू विरोधी बताया।

इस बीच, उक्त घटना के खिलाफ प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा ने बृहस्पतिवार को मशाल जुलूस निकाला और राज्य सरकार का पुतला दहन किया।

इससे पूर्व, झारखंड भाजपा के हजारों कार्यकर्ता बरही में छह फरवरी को रुपेश पांडेय की नृशंस हत्या के खिलाफ प्रदेश के सभी जिलों में बृहस्पतिवार शाम हाथ में मशाल लेकर सड़कों पर उतरे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रूपेश के हत्यारों को फांसी देने और भीड़ हत्या में नामजद लोगं को गिरफ्तार करने की मांग की।

रांची महानगर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोला।

प्रकाश ने कहा, ‘यह सरकार भीड़ हत्या में भी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति भयावह है। अपराधी जिसकी चाह रहे, उसकी हत्या करने में सफल हो रहे हैं। प्रशासन पूरी तरह से नकाम साबित हो रहा है।’

उन्होंने कहा कि राज्य में भीड़ हत्या की घटनाओं की बाढ़-सी आ गई है। प्रकाश ने आरोप लगाया कि झा्रकंड में महिला, आदिवासी, पिछड़े तबके के लोग सहित कोई भी सुरक्षित नहीं है।

भाजपा नेता ने कहा कि अब तक राज्य में इस सरकार के कार्यकाल में 10 से ज्यादा भीड़ हत्या की वारदातें हुई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से पिछले दिनों सरस्वती पूजा विसर्जन के दिन घर के चिराग रूपेश पांडेय की भीड़ के द्वारा जघन्य हत्या हुई है, वह राज्य को शर्मशार करने वाली घटना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर प्रशासन तंत्र इस घटना को सांप्रदायिक चश्मे से देख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार समुदाय विशेष के तुष्टिकरण की पराकाष्ठा कर रही, जबकि प्रशासन का धर्म कानून का राज को स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार इस अन्याय और अत्याचार के खिलाफ जनता की आ‍वाज बनी हुई है।

भाषा

इन्दु

पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments