मंडला (मप्र), 13 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश में मंडला जिले के बिलगांव क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की सीमा से जंगली हाथियों का एक दल घुसा और उसने वहां फसलों एवं मकानों को नुकसान पहुंचाया है। इससे लोग दहशत में हैं।
मवई के रेंजर जे डी खरे ने रविवार को ‘भाषा’ को बताया कि जंगली हाथियों के दल ने छत्तीसगढ़ के कुड़की गांव से मंडला जिले में प्रवेश किया था। पिछले चार-पांच महीनों से इन हाथियों का दल मोती नाला रेंज के बफर एरिया में भ्रमण कर रहा है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार दोपहर को जंगली हाथियों का दल मवई क्षेत्र के बिलगांव में पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने हाथियों को भगाने का प्रयास किया। इस दौरान हाथियों के दल खेतों से गुजरे, जिससे फसलों को नुकसान हुआ है। इसके अलावा, इन हाथियों ने खेत में बने कुछेक झोपड़ीनुमा मकानों को भी गिरा दिया।
खरे ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार इस दल में 14 हाथी हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वन विभाग के गश्ती दल को सक्रिय कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि हाथियों के इस दल ने शुक्रवार रात को मुरता के जंगल से होते हुए समीपवर्ती डिंडोरी जिले की सीमा में प्रवेश किया है।
भाषा सं रावत गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.