scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमविदेशश्रीलंका में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाईं, एक की मौत, 12घायल

श्रीलंका में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाईं, एक की मौत, 12घायल

Text Size:

कोलंबो,19 अप्रैल (भाषा) श्रीलंका के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्र रामबुक्काना क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने मंगलवार को गोलियां चलाईं जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 12अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

स्थानीय निवासी हाल में ईंधन के दाम में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर एकत्रित हो गए। प्रदर्शन देर रात तक चला।

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने रामबुक्काना में रेलवे पटरी को भी अवरुद्ध कर दिया और जब उन्हें रेल मार्ग खाली करने को कहा गया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया।

पुलिस प्रवक्ता निहाल थालडुवा ने ‘न्यूज 1’ चैनल को बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को क्षेत्र छोड़ने की चेतावनी जारी की,लेकिन प्रदर्शनकारियों ने एक ईंधन टैंकर और एक तिपहिया वाहन में आग लगाने का प्रयास किया, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

उन्होंने कहा कि इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने गोलियां चलाईं और उससे पहले आंसू गैसे के गोले छोड़े। इस कार्रवाई में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 12लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां चार की हालत गंभीर है।

भाषा

शोभना दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments