scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमविदेशडब्ल्यूडब्ल्यूएफ, ग्रीनपीस ने संयुक्त राष्ट्र सीओपी30 में वनों की कटाई पर रूपरेखा की मांग की

डब्ल्यूडब्ल्यूएफ, ग्रीनपीस ने संयुक्त राष्ट्र सीओपी30 में वनों की कटाई पर रूपरेखा की मांग की

Text Size:

(त्रिदीप लाखड़)

बेलेम (ब्राजील), 19 नवंबर (भाषा) विश्व वन्य जीव कोष (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) और ग्रीनपीस ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन सीओपी-30 में भाग लेने वाले देशों से 2030 तक वनों की कटाई समाप्त करने के लिए एक रूपरेखा पर सहमत होने की अपील की।

‘डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंटरनेशनल’ की महानिदेशक कर्स्टन शूईट और ग्रीनपीस ब्राजील की कार्यकारी निदेशक कैरोलिना पासक्वाली ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीओपी-30 को ‘‘बात से आगे बढ़कर कार्रवाई’’ पर जोर देना होगा और वनों के लिए एक ठोस, समयबद्ध योजना पेश करनी होगी।

उन्होंने कहा कि अमेजन के केंद्र बेलेम में आयोजित हो रहा यह सम्मेलन अपनी ‘‘पूरी क्षमता पर खरा उतरे’’ और समुदायों तथा प्रकृति के लिए वास्तविक परिणाम दे।

संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा सम्मेलन के अंतर्गत होने वाले वार्षिक सीओपी30 में 190 से अधिक देशों के वार्ताकार भाग ले रहे हैं। सीओपी30 का आयोजन ब्राज़ील के अमेज़न क्षेत्र के बेलेम में 10 से 21 नवंबर तक हो रहा है।

शूईट ने कहा कि आदिवासी और स्थानीय समुदाय अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं, जबकि वैज्ञानिक चेतावनी दे रहे हैं कि अमेज़न जैसे वर्षावन अपरिवर्तनीय मोड़ के करीब पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पेरिस समझौते को पूरा करने का कोई भी विश्वसनीय रास्ता बिना वनों पर महत्वाकांक्षी कार्रवाई के संभव नहीं है।’’ उन्होंने इस सम्मेलन को “ऐतिहासिक अवसर” बताया जो महत्वाकांक्षा और क्रियान्वयन के अंतर को कम कर सकता है।

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘2030 तक वनों की कटाई रोकना और उसे उलटना वह समयसीमा है जिसे हम चूक नहीं सकते।’’

पासक्वाली ने कहा कि दुनिया को 2030 तक सभी वनों में वृक्षों की कटाई समाप्त करने के लिए एक ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना की आवश्यकता है।

दोनों अधिकारियों ने यह भी कहा कि ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा ने सीओपी-30 से दो रूपरेखा बनाने की अपील की है-एक जीवाश्म ईंधन से संक्रमण पर और दूसरा वनों पर।

उन्होंने यह भी बताया कि सम्मेलन में आदिवासी और स्थानीय समुदाय बड़े पैमाने पर मौजूद हैं और अपने अधिकारों के साथ-साथ वनों की कटाई रोकने की मांग कर रहे हैं।

भाषा गोला रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments