scorecardresearch
Sunday, 5 April, 2026
होमविदेशभारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम करेंगे : बालेंद्र शाह

भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम करेंगे : बालेंद्र शाह

Text Size:

(शिरीष बी. प्रधान)

काठमांडू, 10 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेंद्र शाह ने मंगलवार को नेपाल-भारत के ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत और उन्हें अधिक परिणामोन्मुखी बनाने का विश्वास व्यक्त किया।

रैपर से नेता बने 35 वर्षीय बालेंद्र शाह नेपाल के पहले मधेसी और सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं।

शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ये बातें कही और पार्टी की चुनावी सफलता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुभकामनाओं के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने पोस्ट में कहा, “माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।”

शाह ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में हम नेपाल और भारत के बीच ऐतिहासिक, घनिष्ठ और बहुआयामी संबंधों को अधिक मजबूत, गहरा व परिणामोन्मुखी बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।”

नेपाल में संसदीय चुनावों में प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के तहत मतगणना मंगलवार को पूरी होने के साथ ही राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने 165 में से 125 सीटें जीत ली हैं, जिससे वह बहुमत की सरकार बनाने की स्थिति में आ गई है।

पार्टी ने आनुपातिक मतदान प्रणाली के तहत 49,74,957 वोट हासिल किए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को आरएसपी प्रमुख रवि लामिछाने और बालेंद्र शाह को उनकी चुनावी जीत पर बधाई देते हुए दोनों देशों की पारस्परिक समृद्धि, प्रगति और कल्याण के लिए उनके साथ काम करने की भारत की प्रतिबद्धता जताई।

शाह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भारत सरकार और भारतीय जनता को भारतीय क्रिकेट टीम के लगातार दो बार विश्व कप खिताब जीतने पर बधाई दी।

भारत ने रविवार को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 विश्व कप जीता और तीन बार खिताब अपने नाम करने वाली पहली टीम बन गई। नेपाल की प्रतिनिधि सभा में कुल 275 सीट हैं।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments