(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क/सिएटल, तीन नवंबर (भाषा) अमेरिका में सिएटल स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने 31 अक्टूबर को एकता दिवस के मौके पर अपने नये चांसरी परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत को समर्पित एक विशेष दीवार का अनावरण किया।
भारत में पटेल जयंती यानी 31 अक्टूबर के दिन को ‘एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
चांसरी परिसर में स्थापित 30 फुट ऊंची और 14 फुट लंबी दीवार पर 182 मीटर ऊंचे ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का मनोरम दृश्य प्रदर्शित किया गया है, जो गुजरात के केवडिया में नर्मदा नदी घाटी पर पटेल के सम्मान में बनाई गई दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है।
भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक बयान में कहा, “विविधता में एकता की भारत की ताकत का मजबूत संदेश भेजने के अलावा, ‘एकता की दीवार’ अमेरिका के उत्तर-पश्चिम प्रशांत क्षेत्र के पर्यटकों के बीच भारत की पर्यटन क्षमता को बढ़ावा देने में भी मददगार साबित हो सकती है, खासतौर पर गुजरात के केवडिया में।”
बयान के मुताबिक, ‘एकता की दीवार’ के अनावरण के बाद शुक्रवार को इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया। इसमें कहा गया है कि सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता ने अनावरण समारोह में मौजूद सभी अधिकारियों को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ’ भी दिलाई।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
